Rajasthan Weather: जयपुर-उदयपुर में मानसून की धमाकेदार एंट्री, जोधपुर-जैसलमेर में उमस का होगा टॉर्चर, जानें 6 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम

न्यूज तक डेस्क

05 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 5 2026 5:06 PM)

6 जुलाई 2026 को राजस्थान में मौसम के दो रूप दिखेंगे. पूर्वी जिलों यानी जयपुर, कोटा, उदयपुर में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पश्चिमी जिलों यानी जोधपुर, बीकानेर में उमस और छिटपुट बौछारें परेशान करेंगी.

rajasthan weather
rajasthan weather
Google CTA

Rajasthan Weather 6 july:  राजस्थान में इन दिनों मौसम के मिजाज में गजब की उठापटक चल रही है. कहीं आसमान से राहत की बूंदें बरस रही हैं तो कहीं सूरज देवता और उमस मिलकर पसीने छुड़ा रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 6 जुलाई 2026 को राजस्थान के अलग-अलग कोनों में मौसम के दो बिल्कुल अलग अलग रूप देखने को मिलने वाले हैं. पूर्वी राजस्थान में जहां मानसून की रफ्तार तेज होने से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान के रेतीले इलाकों में अभी भी उमस और छिटपुट बारिश का खेल जारी रहेगा.

Read more!

IMD के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा इस समय राजस्थान के ऊपर से गुजर रही है जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाएं राज्य में नमी ला रही हैं. 

पूर्वी राजस्थान 

पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभागों में मानसून पूरी तरह मेहरबान रहने वाला है. आईएमडी (IMD) ने इस हिस्से के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदर हवाएं भी चलेंगी.

जयपुर, दौसा और अलवर: राजधानी जयपुर समेत इन जिलों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. दोपहर या शाम तक अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना हो जाएगा.

कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़: हाड़ौती अंचल के इन जिलों में आईएमडी ने भारी बारिश का अलर्ट दिया है. बिजली चमकने और बादलों की तेज गर्जना के साथ कुछ इलाकों में मूसलाधार पानी गिर सकता है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा: मेवाड़ और वागड़ के इन इलाकों में झीलों की नगरी समेत कई जगहों पर अच्छी झड़ी लगने की उम्मीद है. पहाड़ों और हरियाली के बीच मौसम खुशनुमा रहेगा.

अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा और सीकर: इन जिलों में भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है.

पश्चिमी राजस्थान

अगर बात करें मारवाड़ और थार के रेगिस्तान वाले हिस्से की (जोधपुर और बीकानेर संभाग), तो यहां के लोगों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा. आईएमडी के अनुसार, 6 जुलाई को यहां केवल 'कहीं-कहीं' बारिश की संभावना है.

जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर: इन जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही तो रहेगी, लेकिन तेज धूप निकलने के कारण उमस (Humidity) बहुत ज्यादा परेशान करेगी. हालांकि, शाम के समय कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें गिर सकती हैं, जिससे रात में थोड़ी राहत मिलेगी.

बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर: इस बेल्ट में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क और उमस भरा रहेगा. इक्का-दुक्का जगहों पर धूलभरी आंधी के साथ मेघगर्जन और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

तापमान का हाल

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जहां पूर्वी राजस्थान में बारिश के चलते अधिकतम तापमान 32°C से 35°C के बीच सिमट जाएगा, वहीं पश्चिमी राजस्थान (जैसे जैसलमेर, बीकानेर) में तापमान 38°C से 41°C तक जा सकता है. भारी उमस के कारण यह गर्मी और ज्यादा महसूस होगी. 6 जुलाई को राजस्थान का आधा हिस्सा पानी से सराबोर रहेगा तो ज्यादा हिस्सा उमस की चादर लपेटे रहेगा. 

ये भी पढ़ें: राजस्थान में मानसून की रफ्तार तेज, 5 जुलाई को कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; मौसम विभाग ने जारी की एडवायजरी