Rajasthan Weather Update: 8 सितंबर को जयपुर, कोटा समेत इन 12 जिलों में होगी झमाझम बारिश, जानें अपने शहर का हाल!

न्यूज तक डेस्क

• 05:03 PM • 07 Sep 2026

8 सितंबर 2026 को राजस्थान के पूर्वी जिलों (जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर) में हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही रहेगी, जबकि पश्चिमी जिलों (जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर) में मुख्य रूप से मौसम साफ और धूप के कारण उमस भरा रहने का अनुमान है.

NewsTak
राजस्थान में 8 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार.
Google CTA

Rajasthan Weather Update: राजस्थान की आवोहवा इन दिनों काफी अतरंगी बनी हुई है. कभी तेज धूप तो कभी अचानक घने बादलों की आवाजाही ने लोगों को पसीने से तर-बतर कर रखा है. मानसून अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन जाने से पहले यह राज्य के कुछ हिस्सों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की पूरी तैयारी में है. 

Read more!

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम केंद्र जयपुर से मिली ताजा और आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, 8 सितंबर को राजस्थान का मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आएगा. जहां पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, वहीं पश्चिमी राजस्थान में धूप और गर्मी का जोर रहेगा.

जयपुर संभाग (जयपुर, दौसा, अलवर, खैरथल, कोटपूतली-बहरोड़)

राजधानी जयपुर समेत आसपास के इलाकों में 8 सितंबर को आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने का अनुमान है. IMD की मानें तो अल सुबह या शाम के समय कुछ जगहों पर हल्की बौछारें या छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी, दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन में उमस थोड़ी परेशान कर सकती है.

भरतपुर और धौलपुर बेल्ट (भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर)

उत्तर-पूर्वी राजस्थान के इन जिलों में मानसून थोड़ा अधिक मेहरबान दिख सकता है. यूपी से सटे होने की वजह से 8 सितंबर को भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. कुछ एक जगहों पर तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने का अनुमान भी मौसम विभाग ने जताया है. अगर आप इस क्षेत्र में हैं, तो यात्रा के दौरान थोड़ा सतर्क रहें.

हाड़ौती अंचल (कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़)

हाड़ौती संभाग में बादलों का डेरा रहेगा. 8 सितंबर को कोटा और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. किसानों के लिए यह बारिश फसलों को राहत देने वाली साबित होगी. तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच बना रहेगा और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक घुलेगी.

मेवाड़ और वागड़ अंचल (उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा)

झीलों की नगरी उदयपुर और आसपास के पहाड़ी व मैदानी इलाकों में सुहावना मौसम बना रहेगा. हल्की बारिश और रिमझिम फहारों की संभावना बनी हुई है. हालांकि, मुसलाधार बारिश जैसी स्थिति का अनुमान नहीं है. घूमना-फिरना पसंद करने वालों के लिए 8 सितंबर का दिन काफी बढ़िया रहने वाला है.

अजमेर संभाग (अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, ब्यावर)

अजमेर और टोंक के आसपास के इलाकों में मौसम मिला-जुला रहेगा. धूप और छांव का खेल पूरा दिन चलता रहेगा. दोपहर के वक्त बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बूंद-बांदी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम ही जताई गई है.

मारवाड़ और मरुस्थल बेल्ट (जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर)

पश्चिमी राजस्थान के इन जिलों में बारिश का दौर लगभग थम चुका है. 8 सितंबर को जोधुपर, बाड़मेर और जैसलमेर में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जहां दिन का पारा 36 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है. हवा में थोड़ी नमी होने के कारण उमस की स्थिति बन सकती है.

शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान (सीकर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर)

श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू जिलों में गर्मी का असर देखने को मिलेगा. श्रीगंगानगर में तापमान 38 डिग्री के पार जा सकता है. हालांकि, शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं में स्थानीय स्तर पर बादल बन सकते हैं, लेकिन भारी बारिश से राहत ही रहेगी.

ये भी पढ़ें: कौन हैं निर्दलीय विधायक यूनुस खान? जिन्होंने डीडवाना निकाय चुनाव में 39 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर BJP-कांग्रेस की बढ़ाई टेंशन