राजस्थान में भीषण गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा 12 मई 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. सीमावर्ती जिले बाड़मेर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में ही नहीं देश में सर्वाधिक रहा. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भीषण गर्मी के साथ-साथ अब प्रदेशवासियों को तपती रातों का भी सामना करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT
बाड़मेर में गर्मी इतनी प्रचंड कि फुंक गए ट्रांसफर्मर
देश में सबसे ज्यादा गर्म बाड़मेर में आसमान से बरस रही आग का सितम ऐसा कि शहर के सबसे बड़े पावर हाउस में आग लग गई. भीषण आग के साथ एक के बाद एक धमाके होने लगे और पावर हाउस में लगे बड़े ट्रांसफार्मर समेत इलेक्ट्रिक उपकरण जलकर राख हो गए. धुएं का गुब्बार ऐसा उठा कि आग करीब 5 किलोमीटर दूरी से दिखाई देने लगी. सूचना पर दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. आगजनी के बाद भी पावर हाउस में शॉर्ट सर्किट के कारण लगातार धमाके होते रहे.
एक तो करेला दूजे नीम चढ़ा- गर्मी में बत्ती गुल
कहावत है न...एक तो करेला और दूजे नीम चढ़ा. एक तो बाड़मेर की धरती ऐसे ही तप रही थी...ताऊपर पावर में आग ने हाल और बेहाल कर दिया. गर्मी का सितम बाड़मेर वासियों के ऊपर कहर बरपा रहा है.
जोधपुर और बीकानेर संभाग में 'गर्म रातें' सोने नहीं देंगी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 5 से 7 दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में न केवल दिन में 'हीटवेव' (लू) चलेगी, बल्कि रातें भी बेहद गर्म रहेंगी. विभाग ने इसके लिए 'उष्ण रात्रि' (Warm Night) और कुछ स्थानों पर 'तीव्र उष्ण रात्रि' (Severe Warm Night) का अलर्ट जारी किया है. इसका अर्थ है कि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट नहीं होगी, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
आंधी और बूंदाबांदी: कुछ इलाकों में मामूली राहत की उम्मीद
गर्मी के इस प्रचंड दौर के बीच उत्तर-पूर्वी राजस्थान के लिए राहत की एक मध्यम खबर है. आगामी 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, झुंझुनू, चूरू), जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी जिलों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. मौसम केंद्र के अनुसार, इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, यह राहत अस्थाई होगी और इससे उमस बढ़ने की आशंका भी है.
पिछले 24 घंटों का मौसम लेखा-जोखा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा बारिश अलवर के कोटकासिम में 15.0 मिलीमीटर दर्ज की गई. तापमान की बात करें तो जहां बाड़मेर सबसे गर्म रहा, वहीं सिरोही में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रातें थोड़ी ठंडी रहीं, लेकिन आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम, दोनों ही तापमानों में और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है.
धौलपुर में तेज आंधी ने गिराई दीवार, टीन का छप्पर उड़ा, बस पर गिरा पेड़
भरतपुर संभाग के धौलपुर जिले में मंगलवार शाम आई तेज आंधी ने दीवार गिराने से लेकर कई इलाकों में पेड़ उखाड़ दिए. एक स्थान पर टीन का छप्पर उड़कर दूसरे के छत से जा टकराया वहीं एक स्थान पर निजी बस पेड़ की भारी भरकम टहनी टूटकर गिर गई. दीवार गिरने से एक गाय की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हुई है. कुछ और मवेशियों को चोटें आई हैं. बस पर पेड़ गिरने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई. आंधी लोगों पर आफत बनकर आई, लेकिन बारिश ने तर-बतर करके गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है.
इनपुट: बाड़मेर से दिनेश बोहरा, धौलपुर से उमेश मिश्रा.
ADVERTISEMENT


