Rajasthan weather update: श्रीगंगानगर में 46 डिग्री पहुंचा पारा, 28 मई नया पश्चिमी विक्षोभ से चलेगी तूफानी हवाएं, होगी जोरदार बारिश

राजस्थान मौसम अपडेट: राजस्थान में हीट वेव का प्रकोप जारी, श्रीगंगानगर में पारा 46 डिग्री पहुंचा. जानिए कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत और कब से शुरू होगा आंधी-बारिश का नया दौर.

NewsTak
राजस्थान में 28 मई से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का बेहद कड़ा रूप देखने को मिला है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू (Heat Wave), गर्म रातें और धूल भरी तेज हवाएं दर्ज की गई हैं. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 46.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, हनुमानगढ़ के संगरिया में न्यूनतम तापमान भी 33.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने रातों को भी बेहद गर्म बना दिया है. इसके विपरीत, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Read more!

26 और 27 मई को तीव्र हीट वेव की चेतावनी 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 3 से 4 दिनों तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है. विशेषकर 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे कई इलाकों में 'तीव्र हीट वेव' (Severe Heat Wave) चलने की प्रबल संभावना है. आज भी राज्य के उत्तरी भागों, बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं.

28 मई से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, मिलेगी राहत 

भीषण गर्मी और लू से बेहाल राजस्थान वासियों के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी 28-29 मई से राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है.

जून के पहले हफ्ते तक जारी रहेगी आंधी-बारिश 

इस नए वेदर सिस्टम के असर से राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आंधी और बारिश का यह दौर मई के अंत से शुरू होकर जून के प्रथम सप्ताह में भी जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने आमजन को दोपहर के समय लू से बचने और मौसम की सटीक जानकारियों के लिए आधिकारिक ऐप और अपडेट्स से जुड़े रहने की सलाह दी है. 


Rajasthan Weather: 26 मई को श्रीगंगानगर-बीकानेर में टूट सकता है गर्मी का रिकॉर्ड, 47 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, जानें अपने इलाके का हाल
 

    follow google news