Rajasthan Weather: दौसा, अलवर और सीकर में बिजली कड़कने की चेतावनी, 28 जुलाई को घर से निकलने से पहले पढ़ ले ये रिपोर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 04:31 PM • 27 Jul 2026

28 जुलाई 2026 को राजस्थान में पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, पश्चिमी जिलों में मानसून सुस्त रहेगा, जिससे तापमान और उमस बढ़ने की उम्मीद है.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather
Google CTA

Rajasthan Weather 28 July: अगर आपका भी 28 जुलाई को कहीं जाने का प्लान है तो अपनी गाड़ी की चाबी उठाने से पहले एक बार आसमां का मिजाज समझ लें. पिछले एक महीने से राजस्थान का मौसम पल-पल रंग बदल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताज़ा अपडेट की मानें तो 28 जुलाई को सूबे में मानसूनी हवाओं का मिज़ाज थोड़ा बदला-बदला सा रहने वाला है. 

Read more!

कहीं तो आसमान से राहत की बौछारें गिरेंगी तो कहीं कड़कती बिजली के साथ बादलों की गड़गड़ाहट डरा सकती है. वहीं, कुछ ज़िलों में धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली देखने को मिलेगी.  आइए, समझते हैं कि मंगलवार को आपके ज़िले में मौसम कैसा रहने वाला है, 

पूर्वी राजस्थान

पूर्वी राजस्थान के बड़े हिस्से में मॉनसून की मेहरबानी बरकरार रहने वाली है. हालांकि, राहत की बात यह है कि मूसलाधार और डराने वाली बारिश से थोड़ी ढील मिलेगी. IMD के अनुसार जयपुर, दौसा, अलवर और सीकर समेत आसपास के जिलों में मंगलवार की सुबह बादलों के पहरे के साथ होगी. दिनभर काले-घने बादल आते-जाते रहेंगे और बीच-बीच में मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ती रहेंगी. तापमान 32°C के आसपास रहने के कारण चिपचिपी उमस से अच्छी-खासी राहत मिलने की उम्मीद है. 

कोटा, बूंदी और झालावाड़

हाड़ौती के इलाकों पर बादलों का पूरा प्रेम उमड़ रहा है. 28 जुलाई को यहां हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने इस अंचल में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और बादल गरजने की चेतावनी दी है, इसलिए थोड़ा संभलकर रहने की जरूरत है.

उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा: झीलों की नगरी उदयपुर और वागड़ के इलाक़ों में पारा 29°C के आसपास थमा रहेगा। यहाँ ठंडी हवाओं के साथ हल्की-हल्की फुहारें मौसम को सुहावना बनाए रखेंगी. वहीं अजमेर और भीलवाड़ा में धूप-छांव का खेल चलेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बीच-बीच में सूरज भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा। स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की पूरी संभावना है. 

IMD के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में कल यानी मंगलवार को मौसम सुस्त पड़ सकता है. जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर जैसे रेगिस्तानी इलाकों में बारिश की रफ्तार थमने से पारा फिर चढ़ सकता है और तापमान 35°C से 38°C के बीच पहुंच सकता है. दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन बारिश केवल कुछ ही जगहों पर नाममात्र की (छिटपुट) हो सकती है.

जोधपुर और पाली में पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद यहां का मौसम थोड़ा थम जाएगा. दोपहर के वक्त उमस परेशान कर सकती है लेकिन शाम ढलते-ढलते बादलों की गर्जना के साथ हल्की बौछारें मौसम का मिजाज खुशनुमा कर सकती हैं. वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के उत्तरी-पश्चिमी जिलों में मौसम ज़्यादातर साफ और आंशिक बादलों वाला रहेगा. तापमान 34°C से 36°C के बीच बना रहेगा, यानी बारिश की उम्मीद फिलहाल कम ही है.

ये भी पढ़ें: Paper Leak: 'लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले गोविंद सिंह डोटासरा?