राजस्थान यूथ कांग्रेस में छिड़ी जंग! अनिल चोपड़ा ने फूंका चुनावी शंखनाद, क्या पायलट और गहलोत गुट में होगा मुकाबला?

जयपुर ग्रामीण से लोकसभा प्रत्याशी रहे अनिल चोपड़ा ने राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया है. उन्होंने सचिन पायलट की तारीफ करते हुए कहा कि वे हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाते हैं, जबकि चुनाव में गुटबाजी की चर्चाओं को उन्होंने महज़ कयास बताया.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

विशाल शर्मा

follow google news

राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है, लेकिन इस बार मोर्चा युवाओं ने संभाला है. भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनावी बिगुल बज चुका है और जयपुर ग्रामीण से लोकसभा चुनाव लड़ चुके अनिल चोपड़ा ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है. रविवार को जयपुर में कार्यकर्ताओं के बड़े हुजूम के साथ चोपड़ा ने चुनावी शंखनाद किया, जिससे साफ हो गया है कि आने वाले दिन प्रदेश की छात्र राजनीति और युवा राजनीति के लिए बेहद दिलचस्प होने वाले हैं.

Read more!

अनिल चोपड़ा का शक्ति प्रदर्शन

राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष रहे अनिल चोपड़ा ने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर अपनी ताकत दिखाई. 'राजस्थान तक' से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि युवाओं की फौज उनके साथ है और वे 2028 के मिशन को लेकर सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं. चोपड़ा ने राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई लोकतांत्रिक चुनाव प्रणाली की सराहना की और कहा कि इससे किसान का बेटा भी राजनीति के शीर्ष पर पहुंच सकता है.

पायलट गुट बनाम गहलोत गुट की चर्चा?

यूथ कांग्रेस के चुनावों में अक्सर गुटबाजी की चर्चाएं गरम रहती हैं. राजस्थान में अब तक देखा गया है कि जिस पर सचिन पायलट का हाथ होता है, वही अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचता है. हालांकि, इस बार मुकाबला कड़ा माना जा रहा है. चर्चा है कि अभिषेक चौधरी (अशोक गहलोत गुट), मुकुल खिचड़ और पारस गुर्जर जैसे नाम भी रेस में हैं.

गुटबाजी के सवाल पर अनिल चोपड़ा ने सधे हुए अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, "नेताओं का आशीर्वाद तो सब पर होता है, लेकिन पायलट साहब हमेशा नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं. इसका उदाहरण विधानसभा में मौजूद एक दर्जन से ज्यादा छात्र नेता हैं जो आज विधायक हैं."

नया चुनावी पैटर्न और चुनौतियां

इस बार यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए नया पैटर्न अपनाया गया है. अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को ब्लॉक स्तर पर 25% नामांकन और वोट सुनिश्चित करने होंगे. चोपड़ा ने इस प्रणाली को बेहतर बताया और कहा कि इससे केवल वही व्यक्ति चुनाव लड़ पाएगा जिसका पूरे प्रदेश में वास्तविक जनाधार है.

लोकसभा चुनाव के 'अधूरे' परिणाम का जिक्र

अनिल चोपड़ा ने जयपुर ग्रामीण लोकसभा चुनाव के विवादित परिणाम का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने षड्यंत्रपूर्वक उनके परिणाम को दबाने का काम किया, जबकि जनता ने उन्हें जिताकर भेजा था. उन्होंने भरोसा जताया कि हाई कोर्ट से जल्द ही जनता के मन मुताबिक न्याय मिलेगा. राजस्थान यूथ कांग्रेस के नामांकन 26 तारीख से शुरू होने वाले हैं. अब देखना होगा कि अनिल चोपड़ा और अन्य दिग्गजों के बीच होने वाला यह मुकाबला किस करवट बैठता है.

 

ये भी पढ़ें: 'मैंने वसुंधरा को यह कहने पर मजबूर किया कि मैं जाटनी हूँ', हनुमान बेनीवाल का राजस्थान की राजनीति में नया

    follow google news