चित्तौड़गढ़: तलवार से केक काटकर शोएब लाला ने बनाई रील, पुलिस की नजर पड़ी तो हुआ अरेस्ट, फिर खुली 14 केसों की क्राइम कुंडली

ओम प्रकाश भट्ट

27 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 27 2026 6:23 PM)

इंस्टाग्राम पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाई गई एक रील ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में हिस्ट्रीशीटर शोएब लाला की मुश्किलें बढ़ा दीं. तलवार से केक काटने वाला वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और गिरफ्तारी के बाद आरोपी की आपराधिक कुंडली ने सबको चौंका दिया.

केक काटने की एक रील ने बिगाड़ दिया खेल
केक काटने की एक रील ने बिगाड़ दिया खेल
Google CTA

Shoaib Lala History Sheeter Arrest: सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के चक्कर में तलवार से केक काटना एक हिस्ट्रीशीटर को भारी पड़ गया. मामला राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले का का है. यहां शोएब लाला नामक एक हिस्ट्रीशीटर ने तलवार से केक काटकर रील बनाई. उसे लगा कि रील वायरल होगी तो उसके फॉलोअर्स बढ़ेंगे.रील तो वायरल हुई और इतनी वायरल हुई कि पुलिस की नजर में आ गई. पुलिस ने तुरंत एक संयुक्त अभियान चलाकर निवासी हिस्ट्रीशीटर शोएब लाला को धर दबोचा. इसके बाद शोएब की जो क्राइम कुंडली पता चली उसने पुलिस के होश उड़ा दिए. 

Read more!

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के अनुसार सोशल मीडिया की नियमित निगरानी की जा रही थी. 25 जुलाई को मॉनिटरिंग के दौरान इंस्टाग्राम परएक रील सामने आई. ये 11 जुलाई को अपलोड की गई थी. इस वीडियो में आरोपी कपासन दरगाह के बाहर सार्वजनिक स्थान पर एक बड़ी और धारदार तलवार लहराता नजर आया. इसके बाद उसने उसी तलवार से टेबल पर रखा केक काटा, जबकि आसपास मौजूद भीड़ शोर मचाकर उसका उत्साह बढ़ा रही थी.

गिरफ्तारी के बाद खुली 14 संगीन मुकदमों की क्राइम कुंडली

इस बीच पुलिस ने अरोपी को पकड़ लिया. जांच में उसकी पहचान शोएब लाला के रूप में हुई. पुलिस ने जब उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो एक से बढ़कर एक संगीन मामले सामने आए. आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्य प्रदेश के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे कुल 14 गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार वह इलाके में "लाला गैंग" के नाम से गिरोह चलाता है, जिस पर व्यापारियों को धमकाकर अवैध वसूली करने और दहशत फैलाने के आरोप हैं, जिनका कोर्ट में परीक्षण होना बाकी है.

हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस की सख्त नजर

पुलिस का कहना है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग अक्सर खौफ पैदा करने के लिए हथियारों के साथ वीडियो बनाकर अपलोड करते हैं. ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है. कानून का उल्लंघन करने और डर का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अब कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों का समर्थन न करें और ऐसी कोई भी संदिग्ध पोस्ट दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.

यह भी पढ़ें: Paper Leak: 'लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले गोविंद सिंह डोटासरा?