तीज की सवारी में छाया 9 साल की सिनाया का जादू, 'जयपुर हूपर' के नाम से सोशल मीडिया पर मचाया तहलका, जानें कौन हैं ये

विशाल शर्मा

• 12:33 PM • 17 Aug 2026

जयपुर के प्रसिद्ध तीज उत्सव में 9 साल की 'जयपुर हूपर' सिनाया बियानी ने पारंपरिक राजस्थानी पोशाक पहनकर हूला-हूप कलाबाज़ियों से सबका दिल जीत लिया. 30 सेकंड में 101 रोटेशन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली सिनाया भारत की सबसे कम उम्र की हूला-हूप ट्रेनर हैं, जिनका यह अद्भुत हुनर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

सिनाया बियानी
सिनाया बियानी
Google CTA

जयपुर का मशहूर तीज उत्सव इस बार एक नन्ही बच्ची की वजह से ज़बरदस्त चर्चा में है. तीज की भव्य सवारी के दौरान 9 साल की सिनाया बियानी ने अपनी अद्भुत कलाबाज़ियों और संतुलन से हर किसी का दिल जीत लिया. पारंपरिक राजस्थानी पोशाक पहने सिनाया ने जब हूला-हूप के साथ अपने हुनर का प्रदर्शन किया, तो वहाँ मौजूद लोग बस देखते ही रह गए.

Read more!

प्यार से 'जयपुर हूपर' कही जाने वाली सिनाया की ख़ासियत उनका कमाल का हुनर और गज़ब का कॉन्फ़िडेंस है। उन्होंने राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और आधुनिक आर्ट फ़ॉर्म का ऐसा तालमेल बिठाया कि लोग उनकी तारीफ़ करते नहीं थक रहे. उनकी इस ख़ास परफ़ॉरमेंस के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे हैं. 

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है नाम

सिनाया की यह प्रतिभा अचानक सामने नहीं आई है. वह इससे पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं. जून 2025 में, जब वह सिर्फ़ 7 साल की थीं, तब उन्होंने महज़ 30 सेकंड में अपने हाथ पर हूला-हूप के 101 रोटेशन पूरे करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था.

कौन हैं ये सिनाया बियानी

सिनाया बियानी जयपुर, राजस्थान की एक बेहद प्रतिभाशाली और बहुमुखी नन्ही कलाकार हैं, जिन्हें दुनिया प्यार से'जयपुर हूपर के नाम से जानती है. महज़ 7 साल की उम्र में उन्होंने अपनी अद्भुत गति और संतुलन के बल पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया. उन्होंने 30 सेकंड में अपने हाथ पर 101 बार हूला-हूप घुमाकर 'दुनिया की सबसे तेज़ अंडर-16 हूला-हूपर' होने का ख़िताब हासिल किया. 

सिनाया केवल एक रिकॉर्ड धारक नहीं हैं, बल्कि भारत की सबसे कम उम्र की हूला-हूप वर्कशॉप ट्रेनर भी हैं जो बच्चों और बड़ों को ट्रेनिंग देती है. वह आईआईटी जोधपुर, रेड एफएम और डेकाथलन जैसे बड़े मंचों पर 45 से अधिक लाइव परफ़ॉर्मेंस दे चुकी हैं. जयपुर की पारंपरिक तीज सवारी में राजस्थानी वेशभूषा पहनकर हूला-हूप कलाबाज़ियां दिखाने के बाद उनके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए. 

पढ़ाई और खेल में भी आगे रहने वाली सिनाया हूला हूप वर्ल्ड चैंपियनशिप की विजेता हैं, मैथ्स ओलंपियाड में पदक जीत चुकी हैं और अपने यूट्यूब चैनल के ज़रिए बच्चों में फ़िटनेस और एकाग्रता बढ़ाने के लिए हूला-हूपिंग का प्रचार कर रही हैं. 

ये भी पढ़ें: कौन हैं हरीश द्विवेदी, जिन्हें बीजेपी ने राजस्थान निकाय चुनाव की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी?