राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है. यहां एक छोटे भाई ने अपनी सगी बड़ी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह कोई बाहरी नहीं, बल्कि जमीन का लालच और बहन के चरित्र पर किया गया शक बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज वारदात 19 अप्रैल 2026 को गांव 8 डीओएल (8 DOL) में हुई. मृतका मंजू अपने छोटे भाई सुरेंद्र के बुलावे पर उसके घर गई थी. सुरेंद्र ने उसे खेत में हुई फसल का हिस्सा देने के बहाने घर बुलाया था. मंजू अपने एक परिचित के साथ भाई के घर पहुंची, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसका भाई उसके लिए मौत का जाल बिछाकर बैठा है. घर पर उस वक्त कोई और मौजूद नहीं था, क्योंकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे.
जमीन विवाद और खूनी संघर्ष
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों भाई-बहन के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. पिता सोहन लाल के नाम पर करीब 11 बीघा जमीन है, जिसे सुरेंद्र पूरी तरह से अपने नाम करना चाहता था. आरोपी सुरेंद्र ने न केवल जमीन के लालच में, बल्कि अपनी बहन के चरित्र पर भी शक पाल रखा था. इन्हीं वजहों से उसने पहले ही हत्या की योजना बना ली थी.
बहस के दौरान सुरेंद्र अपना आपा खो बैठा और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपनी ही बहन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. मंजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मंजू पिछले कुछ समय से रावला में निजी नौकरी कर रही थी और भाई पर किसी तरह का बोझ भी नहीं थी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रावला थाना पुलिस और डीएसपी प्रशांत कौशिक मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और आरोपी सुरेंद्र को तुरंत हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. परिवार के सदस्यों और मां की ओर से मिली रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है.
ADVERTISEMENT


