Sriganganagar Murder Case: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जिले के लालगढ़ जातात थाना क्षेत्र के भागसर गांव में देर रात दो जिगरी दोस्तों के बीच शराब पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष हो गया. विवाद बढ़ने पर एक दोस्त ने दूसरे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
शराब पार्टी के दौरान कहासुनी और कुल्हाड़ी से हमला
जानकारी के मुताबिक, भागसर गांव में रविवार देर रात मृतक रमेश कुमार सोनी और उसका पुराना दोस्त मनफूल राम एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. दोनों अक्सर साथ मिलकर शराब पीते थे. रविवार की रात भी मनफूल राम ने ही रमेश को अपने पास बुलाया था. शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत शुरू हुई जो अचानक तीखी बहस में बदल गई.
देखते ही देखते दोनों का विवाद इतना बढ़ गया कि मनफूल राम ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और रमेश कुमार पर हमला कर दिया. कुल्हाड़ी के वार इतने घातक थे कि रमेश कुमार की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई.
मर्डर के बाद घर जाकर सो गया आरोपी, एक महिला का एंगल आया सामने
वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी मनफूल राम अपने दोस्त रमेश की हत्या करने के बाद बेफिक्र होकर अपने घर गया और सो गया. झगड़े और चीख-पुकार की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक रमेश की सांसें थम चुकी थीं.
गांव में इस हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों की मानें तो दोनों दोस्तों के बीच एक महिला से जुड़े संबंधों को लेकर काफी समय से मनमुटाव चल रहा था. चर्चा है कि दोनों के बीच उसी महिला को लेकर बहस शुरू हुई थी जो इस खूनी अंजाम तक पहुंची. हालांकि, श्रीगंगानगर पुलिस का कहना है कि महिला वाले एंगल की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही लालगढ़ जाटान थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और मृतक रमेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनफूल राम को हिरासत में ले लिया है. पुलिस फिलहाल हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है कि यह वारदात सिर्फ शराब के नशे में हुए विवाद का नतीजा थी या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश और महिला का विवाद था.
यह भी पढ़े: 'घर पर अकेली थी, वह रात आया और...' धौलपुर में पति के दोस्त की डोली नीयत? पीड़िता ने सुनाई आपबीती
ADVERTISEMENT


