'काम कुछ नहीं किया बस लूटा...' टीकाराम जूली ने बीजेपी पर बाेला हमला, जानें क्या क्या कहा

न्यूज तक डेस्क

28 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 28 2026 1:12 PM)

राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर करारा हमला बोला है. जूली ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने तीन साल में विकास का कोई काम नहीं किया और चुनाव आयोग समेत पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है.

 टीकाराम जूली ने बीजेपी को घेरा.
टीकाराम जूली ने बीजेपी को घेरा.
Google CTA

Tikaram Jully Attack On Bjp: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर जमकर निशाना साधा है. अलवर में ANI से बातचीत करते हुए जूली ने कहा कि बीजेपी ने पिछले तीन वर्षों में विकास का कोई भी कार्य नहीं किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल झूठी वाहवाही लूटने और तानाशाही के दम पर सत्ता चलाने में लगी हुई है.

Read more!

बिना एनओसी के शिलान्यास करने का लगाया आरोप

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के अलवर दौरे और सड़कों के लोकार्पण पर सवाल उठाते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि जिस सड़क का शिलान्यास किया जा रहा है, उसकी एनओसी तक जारी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोग बिना एनओसी के काम शुरू करवा रहे हैं. सरिस्का क्षेत्र में सड़कों का निर्माण अटका हुआ है, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. भरतरी बाबा मंदिर मार्ग पर बनी जर्जर सड़क और उसमें हुए भ्रष्टाचार को लेकर भी उन्होंने जांच की मांग की.

चुनाव आयोग और पुलिस के दुरुपयोग पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि देश भर में करोड़ों वोट गैर-कानूनी तरीके से काटे जा रहे हैं और निष्पक्ष संस्थाओं का राजनीतिकरण किया जा रहा है. इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों के दौरान कांग्रेस के पार्षदों को पुलिस और प्रशासनिक एजेंसियों के जरिए डराया और धमकाया गया, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने डटकर मुकाबला किया.

निकाय चुनाव के नतीजों और बढ़ते अपराध पर घेरा

टीकाराम जूली ने दावा किया कि हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में बीजेपी का वोट शेयर घटा है, जबकि कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है. उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनावों में जनता बीजेपी को पूरी तरह से नकार देगी. इसके साथ ही अलवर में दिनदहाड़े हो रही मर्डर की घटनाओं और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी की बातें बच्चों जैसी, निकाय चुनाव ने दिखा दिया जनता किसके साथ', बालमुकुंद आचार्य का तीखा हमला