टोंक की सड़क पर बाल पकड़कर पत्नी को घसीटता रहा पति, लोग देखते रहे तमाशा...वीडियो हो रहा वायरल

Tonk viral video: राजस्थान के टोंक जिले के देवली कस्बे में बीच सड़क पति द्वारा पत्नी को बाल पकड़कर घसीटने का वीडियो वायरल हो गया है. जहाजपुर चुंगी नाका रोड पर करीब 20 मिनट तक चली इस घटना में महिला दर्द से चिल्लाती रही, जबकि लोग तमाशबीन बने वीडियो बनाते रहे. जानिए मामले की पूरी कहानी.

Tonk viral video
Tonk viral video

आंचल गुप्ता

follow google news

राजस्थान के टोंक जिले के देवली कस्बे से एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने समाज की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सरेराह एक पति अपनी पत्नी के साथ इस कदर हैवानियत पर उतारू था कि उसने बीच सड़क पर महिला के बाल पकड़े और उसे घसीटते हुए मोटरसाइकिल पर बैठाने की कोशिश की. हैरान करने वाली बात यह है कि लोगों ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाया लेकिन किसी ने बीच बचाव नहीं किया. आइए जानते है मामले की पूरी कहानी.

Read more!

20 मिनट तक सड़क पर चलता रहा ड्रामा

यह घटना देवली कस्बे के जहाजपुर चुंगी नाका रोड की बताई जा रही है. एक निजी नर्सिंग होम के ठीक सामने पति-पत्नी के बीच विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक अपनी पत्नी के बाल पकड़कर उसे जबरन बाइक पर बैठाने के लिए खींच रहा है. महिला दर्द से कराह रही थी और लगातार विरोध कर रही थी, लेकिन युवक पर जैसे खून सवार था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह शर्मनाक मंजर करीब 20 से 25 मिनट तक सड़क पर चलता रहा.

सड़क पर गिरे, फिर भी नहीं थमी आक्रामकता

वीडियो के एक हिस्से में दिख रहा है कि खींचतान के दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े. गिरने के बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह आक्रामक बना रहा. हैरानी की बात यह रही कि सड़क पर भारी भीड़ जमा थी, लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उस बेबस महिला को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई.

तमाशबीन बने रहे लोग, पुलिस बुलाने की धमकी पर भागा

काफी देर तक तमाशा देखने के बाद जब कुछ राहगीरों ने आक्रोश दिखाया और पुलिस बुलाने की चेतावनी दी, तब कहीं जाकर युवक महिला को साथ लेकर वहां से रवाना हुआ. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दंपति कहां का रहने वाला है और उनके बीच इस कदर विवाद की असली वजह क्या थी.

पुलिस ले सकती है संज्ञान

हालांकि इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान (Suo Moto) लेने की संभावना जताई जा रही है. यह घटना कई सवाल छोड़ गई है कि क्या हम केवल तमाशबीन बनकर रह गए हैं? 

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: Video: 'पीएम रैली में आते नहीं, मोदी को गाली देते हैं तो उन्हें क्यों दूं... राजस्थान के इस BJP नेता ने मुस्लिम महिलाओं से वापस ले लिए कंबल

    follow google news