टोंक: दुकान का शटर खुलते ही सामने था खूंखार तेंदुआ फिर अगले 60 सेकेंड में सब कुछ बदल, देखें वायरल VIDEO

मनोज तिवारी

• 06:10 PM • 20 Jul 2026

Leopard Trapped in Liquor Shop: राजस्थान के टोंक जिले के टोडा रायसिंह कस्बे में आज सुबह एक खूंखार तेंदुए के आबादी में घुसने से हड़कंप मच गया. रास्ते में आने वाले कई लोगों पर हमला कर घायल करने के बाद तेंदुआ बस स्टैंड के पास स्थित एक शराब की दुकान में जा घुसा, जहां उसे शटर गिराकर बंद कर दिया गया है.

Leopard Trapped in Liquor Shop
रिहायशी इलाके में घुसा खूंखार तेंदुआ
Google CTA

Rajasthan Leopard Attack viral video: राजस्थान के टोंक जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. आज सुबह टोडा रायसिंह कस्बे में उस वक्त भारी अफरातफरी मच गई, जब एक खूंखार तेंदुआ घने रिहायशी इलाके में दाखिल हो गया. सुबह का समय होने के कारण लोग अपने रोजाना के कामों के लिए घरों से निकल रहे थे, लेकिन अचानक वन्य जीव के आने से पूरा कस्बा दहशत के साए में आ गया. तेंदुए ने रास्ते में जो भी सामने आया, उस पर जानलेवा हमला कर दिया.

Read more!

हमले में कई लोग हुए गंभीर रूप से घायल

कस्बे में प्रवेश करते ही तेंदुए ने सबसे पहले वन विभाग की चौकी के पास मौजूद एक वन मित्र को अपना निशाना बनाया. इसके बाद वह आगे बढ़ा और रास्ते में जा रहे एक अन्य युवक पर झपट पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया. घायल युवक को तुरंत स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टोंक जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

शराब की दुकान में घुसा तेंदुआ, सेल्समैन की सूझबूझ से बची जान

इस बीच, कस्बे के बस स्टैंड के पास स्थित एक वाइन शॉप का सेल्समैन रोजाना की तरह दुकान का शटर खोलकर भीतर कैश की चेकिंग कर रहा था. उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि मौत दूसरे शटर की तरफ से दबे पांव अंदर आ रही है. तेंदुआ अचानक दुकान के भीतर दाखिल हो गया और वहां मौजूद सेल्समैन पर हमला बोल दिया. हमले के दौरान सेल्समैन ने अदम्य साहस और फुर्ती दिखाई, जिसके कारण उसकी जान बच गई. उसने आनन-फानन में दुकान के दोनों शटर नीचे गिरा दिए.

शटर बंद होते ही खूंखार तेंदुआ दुकान के अंदर ही कैद हो गया, हालांकि इस अफरातफरी और संघर्ष के दौरान दुकान का एक अन्य सेल्समैन भी चोटिल हो गया. पीड़ित ने बताया कि शुरुआत में उसे किसी जानवर के होने का शक हुआ था, लेकिन जैसे ही उसने करीब जाकर देखा, तेंदुए ने उस पर सीधा अटैक कर दिया. करीब एक मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष हुआ, जिसके बाद जानवर सेल्समैन को छोड़कर दुकान के अंदरूनी हिस्से की तरफ भागा.

रेस्क्यू के लिए जयपुर से बुलाई गई विशेष टीम

शराब की दुकान के भीतर तेंदुए के कैद होने की खबर आग की तरह पूरे कस्बे में फैल गई, जिसके बाद दुकान के बाहर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई. दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में तेंदुए की हलचल को साफ तौर पर देखा जा सकता है.

दुकान के भीतर बंद होने के कारण तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. वन्य जीव को बेहोश (ट्रेंकुलाइज) करने के लिए जयपुर के चिड़ियाघर से एक विशेष एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया है. प्रशासन की ओर से पूरे ऑपरेशन को बेहद सतर्कता के साथ अंजाम दिया जा रहा है ताकि आम जनता और वन्य जीव दोनों में से किसी को भी कोई नुकसान न पहुंचे. टोडा रायसिंह कस्बे में वर्तमान में तनावपूर्ण शांति है और प्रशासन ने नागरिकों से बिना वजह घरों से बाहर न निकलने तथा घटनास्थल के पास भीड़ न लगाने की सख्त हिदायत दी है.

यह भी पढ़ें: VIDEO: जयपुर के चौरू गांव के लोग अचानक रातों-रात खोदने लगे जमीन...मुगलकालीन सिक्कों की अफवाह या हकीकत?