राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर अपनी खूबसूरती और मेहमानवाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन इसी शहर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पर्यटकों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. थाईलैंड से भारत घूमने आई एक महिला यूट्यूबर के साथ एक ऑटो चालक ने शर्मनाक हरकत की है. यह पूरी घटना लाइव कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
थाईलैंड की रहने वाली यह महिला यूट्यूबर उदयपुर घूमने आई थी और शहर में घूमने के लिए उसने एक ऑटो किराए पर लिया था. आरोप है कि ऑटो चालक पिछले दो दिनों से उसे अलग-अलग जगहों पर घुमा रहा था.
13 नवंबर को यह यूट्यूबर टाउन हॉल स्थित नगर निगम के मेले में पहुंची, जहां वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग कर रही थी और इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग भी कर रही थी. इसी दौरान उसका ऑटो चालक वहां पहुंच गया और बार-बार उससे "लिप किस प्लीज" (Lip Kiss Please) की डिमांड करने लगा.
कैमरे में कैद हुई हरकत और वायरल वीडियो
युवती के लिए यह घटना बेहद असहज करने वाली थी. चूंकि उस समय कैमरा चालू था और वह लाइव थी, इसलिए आरोपी की यह घिनौनी हरकत मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई.
इसके बाद 14 नवंबर को पीड़िता ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया और अपनी आपबीती सुनाई. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और वायरल हो गया. करीब 70,000 फॉलोअर्स वाली इस यूट्यूबर के वीडियो ने जब तूल पकड़ा, तो उदयपुर पुलिस भी हरकत में आ गई.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने आरोपी की पहचान उदयपुर के सेक्टर 11 स्थित महाराज का अखाड़ा निवासी आफताब उर्फ गबरू (पिता का नाम- आबर खान) के रूप में की, जो पेशे से ऑटो चालक है.
थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ अभद्रता का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और पर्यटन नगरी की छवि को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी अब सलाखों के पीछे है.
ये भी पढ़ें: धौलपुर: सरपंच चुनाव की वोटिंग से एक रात पहले दो पक्षों के बीच झड़प, फायरिंग में युवक की मौत से मची सनसनी
ADVERTISEMENT


