देश के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता, 'बेयरफुट कॉलेज' (Barefoot College) के संस्थापक और पद्मश्री से सम्मानित संजीत 'बंकर' रॉय का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. मंगलवार सुबह अजमेर के तिलोनिया गांव स्थित उनके आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई, और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित कई दिग्गज उनके अंतिम दर्शन के लिए तिलोनिया पहुंचे.
ADVERTISEMENT
दून स्कूल से लेकर बिहार के अकाल तक का टर्निंग पॉइंट
30 जून 1945 को जन्मे संजीत बंकर रॉय ने देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, दून स्कूल और दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की थी. पढ़ाई के साथ-साथ वे तीन बार राष्ट्रीय स्क्वाश चैंपियन भी रहे. एक आरामदायक भविष्य की ओर बढ़ रहे उनके जीवन में साल 1966 के बिहार अकाल ने एक बड़ा मोड़ ला दिया. राहत कार्यों के दौरान गांवों की गरीबी और समस्याओं को करीब से देखने के बाद उन्होंने अपनी राह बदली और ग्रामीण विकास को अपना जीवन समर्पित कर दिया.
तिलोनिया में 'बेयरफुट कॉलेज' की स्थापना और 'सोलर मामा' की पहल
साल 1972 में उन्होंने अजमेर के तिलोनिया गांव में 'सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर' की स्थापना की, जो आगे चलकर विश्व प्रसिद्ध 'बेयरफुट कॉलेज' के रूप में जाना गया. बंकर रॉय की सोच थी कि तकनीक और विकास पर केवल पढ़े-लिखों का अधिकार नहीं होना चाहिए. उन्होंने ग्रामीण इलाकों की उन महिलाओं को सौर ऊर्जा का प्रशिक्षण दिया जो कभी स्कूल नहीं गई थीं. इन महिलाओं को 'सोलर मामा' के रूप में पहचान मिली, जिन्होंने अपने गांवों में सोलर लाइट लगाने और उन्हें रोशन करने का अनूठा काम किया.
वैश्विक पहचान और योगदान
बंकर रॉय के नेतृत्व में तिलोनिया का यह मॉडल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई अन्य देशों के ग्रामीण समुदायों तक पहुंचा. जल संरक्षण (रेनवाटर हार्वेस्टिंग), रात्रि पाठशालाओं और बच्चों के लिए 'बाल संसद' जैसी पहलों के जरिए उन्होंने गांवों को आत्मनिर्भर बनाया. समाज सेवा और ग्रामीण विकास में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 1986 में पद्मश्री से सम्मानित किया था, और 2010 में 'टाइम' मैग्जीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में भी स्थान दिया था. उनकी पत्नी अरुणा रॉय भी देश की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता हैं. बंकर रॉय का यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा.
ADVERTISEMENT


