Fact Check: रक्षाबंधन पर किसानों को मिलेंगे ₹4000? जानिए वायरल दावे का पूरा सच

न्यूज तक डेस्क

23 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 23 2026 8:51 AM)

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि रक्षाबंधन पर किसानों को ₹4,000 मिलेंगे. PIB फैक्ट चेक ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी और वीडियो को AI निर्मित बताया है.

pm kisan
pm kisan
Google CTA

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त को लेकर किसानों के बीच चर्चा तेज है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि रक्षाबंधन के मौके पर PM Kisan की 24वीं किस्त जारी होगी और किसानों के खाते में 4,000 रुपये भेजे जाएंगे. लेकिन इस दावे की सच्चाई कुछ और है.

Read more!

सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने वायरल वीडियो की पड़ताल की है. एजेंसी ने इसे फर्जी बताया है. साथ ही कहा है कि वीडियो AI की मदद से तैयार किया गया है. केंद्र सरकार ने रक्षाबंधन पर PM Kisan की 24वीं किस्त के रूप में 4,000 रुपये देने की कोई घोषणा नहीं की है.

सोशल मीडिया पर क्या दावा किया जा रहा है?

वायरल वीडियो में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इसमें यह भी दावा है कि इस बार किसानों को 2,000 रुपये की जगह 4,000 रुपये मिलेंगे.

इस खबर के फैलने के बाद बड़ी संख्या में किसान अगली किस्त का इंतजार करने लगे. लेकिन आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल ऐसा कोई सरकारी ऐलान नहीं हुआ है.

PIB Fact Check ने क्या बताया?

PIB Fact Check ने 20 अगस्त 2026 को वायरल दावे पर जानकारी शेयर की. एजेंसी के मुताबिक सोशल मीडिया पर चल रहा यह दावा फर्जी है. वायरल वीडियो AI से बनाया गया है.

PIB Fact Check ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर PM Kisan की 24वीं किस्त के तौर पर 4,000 रुपये देने की कोई घोषणा नहीं की है. 24वीं किस्त की तारीख को लेकर भी सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.

23वीं किस्त कब जारी हुई थी?

PM Kisan की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से किस्त जारी की थी. इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की रकम सीधे ट्रांसफर की गई थी. इसमें 2.18 करोड़ महिला किसान भी शामिल थीं.

हर साल कितनी रकम मिलती है?

PM Kisan Samman Nidhi के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह रकम तीन बराबर किस्तों में मिलती है. यानी सामान्य तौर पर प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं. योजना के तहत भुगतान DBT के जरिए किया जाता है. इसलिए 24वीं किस्त में अचानक 4,000 रुपये मिलने का दावा भी सवालों के घेरे में था. फिलहाल सरकार की ओर से ऐसी किसी अतिरिक्त राशि की घोषणा नहीं हुई है.

जयपुर: परीक्षा केंद्र में बिजली गुल, जनरेटर में डीजल नहीं... 49 अभ्यर्थी नहीं दे पाए एग्जाम, अब NTA इस दिन फिर कराएगा एग्जाम