Viral Truck 308 Wheels News: सोशल मीडिया पर इन दिनों जिस एक चीज़ ने सबसे ज्यादा सनसनी मचाई हुई है, वह है 308 (अब 260) टायरों वाला एक विशालकाय ट्रक. यह महाकाय ट्रक और उस पर लदी विशाल मशीन जहां से भी गुजर रही है, वहां उसे देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ रहा है. बेल्जियम से शुरू हुआ इसका सफर अब उत्तर प्रदेश के चंदौली तक पहुंच चुका है और इसकी अंतिम मंजिल लखीमपुर खीरी है.
ADVERTISEMENT
बेल्जियम से भारत पहुंची विशालकाय मशीन, जानें क्या है इसका काम
इस विशाल ट्रक पर लदी मशीन कोई साधारण उपकरण नहीं है. इसका नाम 'साइकिलाइजेशन रिएक्टर' (Cyclization Reactor) है, जो बायोपॉलीमर प्लांट का एक मुख्य हिस्सा है. इसे लखीमपुर खीरी के कुंभी स्थित बलरामपुर शुगर मिल में स्थापित किया जाना है, जहां इससे बायो-प्लास्टिक का निर्माण होगा. यह मशीन बेल्जियम से समुद्र के रास्ते ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर उतारी गई थी. वहां से सड़क मार्ग के जरिए ओडिशा, बिहार और अब उत्तर प्रदेश होते हुए इसे लखीमपुर खीरी पहुंचाया जा रहा है.
रास्ते में उठाए जा रहे ओवरब्रिज, काटे जा रहे पेड़
इस महाकाय लॉजिस्टिक को ले जाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. मशीन की ऊंचाई और चौड़ाई इतनी ज्यादा है कि सामान्य रास्तों से इसे निकालना नामुमकिन है. इसे पास कराने के लिए रास्ते में पड़ने वाले लोहे के फुटओवर ब्रिजों को बड़ी हाइड्रोलिक क्रेन से लिफ्ट किया जा रहा है. प्रोजेक्ट कर्मचारियों के अनुसार, ओडिशा से यूपी तक के रास्ते में अब तक लगभग 17 पुलों को उठाया जा चुका है, जबकि आगे भी करीब 7 पुलों को लिफ्ट करने की योजना है. इसके अलावा कई जगहों पर पेड़ काटे गए हैं और हाईवे के डिवाइडर तोड़कर या रॉन्ग साइड से निकालकर रास्ता बनाया जा रहा है.
चंदौली में लगा लोगों का जमावड़ा, देखने पहुंचे हजारों लोग
उत्तर प्रदेश के चंदौली में रिंग रोड और नेशनल हाईवे पर जब यह ट्रक पहुंचा तो इसे देखने के लिए स्थानीय लोगों, युवाओं और बच्चों का तांता लग गया. लोग इस अनोखी मशीन के साथ सेल्फी ले रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं. रफ्तार इतनी धीमी है कि यह ट्रक औसतन एक दिन में सिर्फ 10 किलोमीटर की दूरी ही तय कर पाता है. बेल्जियम से भारत आने और चंदौली तक पहुंचने में इसे 6 महीने से अधिक का समय लग चुका है और लखीमपुर पहुंचने में अभी 2 से 3 हफ्ते और लग सकते हैं. प्रशासन और प्रोजेक्ट मैनेजर पूरी सुरक्षा के साथ इसे आगे बढ़ा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: नौकरी, कोचिंग या राजनीति... पूर्व IAS दिव्या मित्तल का अगला कदम क्या होगा? इस दिन करेंगी खुलासा
ADVERTISEMENT


