आगरा: जिस बच्ची को शहरभर में ढूंढते रहे परिजन और पुलिस, घर में ही आटे के कनस्तर में मिला उसका शव, फिर सामने आई खौफनाक सच्चाई

आगरा में 8 साल की मासूम बच्ची की हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया है. घर के अंदर आटे के कनस्तर में मिला शव कई सवाल खड़े कर रहा है. किराएदार पर लगे आरोप के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं.

Agra murder case
Agra murder case

नितिन उपाध्याय

follow google news

Agra murder case: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां मंगलवार दोपहर से गायब एक 8 साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद बच्ची के शव को आटे के कनस्तर में छिपा दिया गया था. हत्या का आरोप पीड़ित परिवार के यहां किराए पर रहने वाले किराएदार सुनील पर लगा है. घटना के बाद से आरोपी फरार है. वहीं, बच्ची के शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है. घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाने की कोशिश की. हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

Read more!

दरअसल, यह घटना आगरा के थाना ताजगंज इलाके के सिद्धार्थ नगर गोबर चौकी की है. यहां दिनेश नाम के व्यक्ति की 8 साल की बेटी मंगलवार दोपहर बाद से गायब थी. परिजनों ने बच्ची को काफी तलाशा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला. परेशान परिजन सीधे पुलिस थाने पहुंचे और बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. कई सीसीटीवी खंगाले, लोगों से पूछताछ की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला.

फिर आटे कनस्तर में मिला शव

इसके बाद रात 8 बजे के करीब पुलिस उसी घर के पहले फ्लोर पर रह रहे किराएदार सुनील कुमार के कमरे तक पहुंची और तलाशी ली. इस दौरान कमरे में बच्ची तो नहीं मिली, लेकिन एक कनस्तर मिला. पुलिस ने जब उसे खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए. कनस्तर के अंदर बच्ची का शव रखा हुआ था. मामले की जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया. अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने सुनील और उसके परिजनों पर आरोप लगाया है, वहीं घटना के बाद से आरोपी फरार है.

आरोपी को फांसी देने की मांग

आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद हत्या के आरोपी सुनील कुमार को पकड़ने और उसे फांसी देने की मांग की. इसको लेकर उन्होंने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाने की कोशिश की, प्रदर्शन किया और कई वाहनों पर पथराव भी किया. इस दौरान स्थिति बिगड़ती देख मौके पर डीसीपी सिटी अली अब्बास सहित कई थानों का पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए और हालात को काबू में किया.

पुलिस की 10 टीमें कर रही हैं तलाश

अब मामले में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. उसकी तलाश के लिए पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं. फिलहाल मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है. इसके साथ ही क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कौन है आरोपी सुनील कुमार

जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील दिनेश के ही घर पर किराए पर रहता है. बताया जा रहा है कि आरोपी दिनेश की जूते की फैक्ट्री में शू पेस्टिंग का काम करता था. मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने बीते कई महीनों से किराया भी नहीं दिया था. अब घटना के बाद से वह गायब है.

सुने, पुलिस ने क्या बताया?

यह भी पढ़ें: मथुरा के फरसा वाले बाबा की मौत पर बड़ा खुलासा, डीएम चंद्र प्रकाश ने बताई हादसे की पूरी कहानी, देखें वीडियो

    follow google news