उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां अवैध संबंधों के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. थाना सदर बाजार क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके में एक खेत के किनारे 25 वर्षीय युवक सोलू का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. शव पर चोटों के गहरे निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है. जब पुलिस ने इस अंधे कत्ल की तफ्तीश शुरू की, तो जो सच सामने आया उसने सबको हैरान कर दिया. इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने वाला कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई और उसकी खुद की पत्नी निकले.
ADVERTISEMENT
घर में ही पनप रहा था नाजायज रिश्ता
पुलिस जांच के मुताबिक, मृतक सोलू की शादी महज 3 महीने पहले ही हुई थी. शादी के बाद घर के भीतर ही एक ऐसा रिश्ता पनपने लगा जिसने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया. सोलू की पत्नी खुशी और उसके छोटे भाई के बीच अवैध संबंध बन गए थे. कुछ समय बाद सोलू को दोनों के इस नाजायज रिश्ते की भनक लग गई, जिसका उसने कड़ा विरोध किया. यही विरोध सोलू की जिंदगी का आखिरी संघर्ष साबित हुआ. अपने प्यार के रास्ते से सोलू को हटाने के लिए देवर और भाभी ने मिलकर उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली.
मौका मिलते ही भाई को उतारा मौत के घाट
डीसीपी सिटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसके खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया था. शुरुआती जांच में जब सोलू की पत्नी और उसके भाई भोला पर शक हुआ, तो पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. पुलिसिया पूछताछ के आगे आरोपियों की झूठी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपियों ने बताया कि वे कई दिनों से सोलू को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर रहे थे. बुधवार को मौका मिलते ही छोटे भाई ने सोलू की हत्या कर दी और शव को खेत के किनारे फेंक दिया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. वारदात के बाद मृतक की पत्नी इस कदर अनजान बनी रही जैसे उसे कुछ पता ही न हो, लेकिन सबूतों के सामने वह टूट गई.
ब्याज पर कर्ज लेकर की थी शादी, मां का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना के बाद से मृतक की बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल है. रोती-बिलखती मां ने बताया कि उन्होंने महज 3 महीने पहले ही 5 लाख रुपये का भारी ब्याज पर कर्ज लेकर बेटे की शादी बड़े ही अरमानों से कराई थी ताकि घर में खुशियां आ सकें. लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बहू को वह घर लेकर आ रही हैं, वही उनके बेटे की मौत का कारण बनेगी. इस खौफनाक वारदात ने मां की गोद सूनी कर दी है-उनका एक बेटा अब इस दुनिया में नहीं है, जबकि दूसरा बेटा अपने ही भाई की हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच चुका है. पुलिस ने आरोपी भाई भोला और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT


