उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर सियासी वादों का दौर तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए बड़ा चुनावी ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना को दोबारा शुरू किया जाएगा. इसके तहत माताओं और बहनों को सालाना 40 हजार रुपये देने की बात कही गई है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में पहले भी महिलाओं को पेंशन दी जाती थी. उस समय महिलाओं को हर महीने 500 रुपये मिलते थे. अब उन्होंने इस योजना को नए तरीके से लागू करने और सहायता राशि बढ़ाने का दावा किया है.
3 हजार रुपये महीने के हिसाब से समझाया गणित
अखिलेश यादव ने महिलाओं को मिलने वाली रकम का गणित भी बताया. उन्होंने कहा कि अगर हर महीने 3 हजार रुपये दिए जाएं तो 12 महीनों में यह रकम 36 हजार रुपये होगी. इसके अलावा पिछली अवधि का ब्याज जोड़कर कुल राशि 40 हजार रुपये तक पहुंच जाएगी.
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए काम करेगी. उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाएगा.
उद्योगपतियों का पैसा माफ करने पर अखिलेश का सवाल
अखिलेश यादव ने इस दौरान केंद्र और सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ रुपये तक के कर्ज माफ किए जा सकते हैं तो आम महिलाओं के लिए पैसा क्यों नहीं निकाला जा सकता.
उन्होंने कहा कि सरकार और जनता का पैसा उद्योगपतियों को देने के बजाय बचाकर महिलाओं के खाते में दिया जा सकता है. अखिलेश ने इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का जरिया बताया.
लैपटॉप और कन्या विद्या धन का भी किया जिक्र
अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल की योजनाओं को भी याद किया. उन्होंने छात्रों को बांटे गए लैपटॉप का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय एक लैपटॉप की कीमत करीब 30 हजार रुपये थी.
उन्होंने कन्या विद्या धन योजना का भी उल्लेख किया. साथ ही कहा कि 10वीं पास करने वाली छात्राओं को भी उनकी सरकार के दौरान आर्थिक मदद दी जाती थी.
योगी सरकार की 50 हजार रुपये वाली योजना की चर्चा
अखिलेश यादव का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से महिलाओं के लिए प्रस्तावित एक नई आर्थिक सहायता योजना की चर्चा है.
मिली जानकारी के मुताबिक, इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव बताया जा रहा है. संभावित व्यवस्था के अनुसार चुनाव से पहले 20 हजार रुपये की पहली किस्त दी जा सकती है. इसके बाद अगर भाजपा की सरकार दोबारा बनती है तो 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें देने का प्रस्ताव बताया गया है.
हालांकि, इस योजना पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. फिलहाल इसके संभावित प्रारूप पर विचार चलने की बात सामने आई है. प्रस्तावित योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना बताया जा रहा है.
ऐसे में चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का मुद्दा सियासी तौर पर अहम होता जा रहा है. एक तरफ योगी सरकार की प्रस्तावित 50 हजार रुपये की योजना चर्चा में है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर समाजवादी पेंशन योजना फिर शुरू करने और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया है.
ADVERTISEMENT


