Akhilesh Yadav Women Scheme: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की आहट अभी से सुनाई देने लगी है. ऐसे में राजनीतिक दलों ने अभी से वोटरों को अपने पाले में करने की कोशिश शुरू कर दी है. इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साथा और कानून व्यवस्था भी सवाल उठाए. इसके साथ ही सपा चीफ ने महिलाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए साल में 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.
ADVERTISEMENT
समाजवादी पेंशन और नारी समृद्धि सम्मान योजना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर वे महिलाओं को साल में 40 हजार रुपये देंगे. उन्होंने बताया कि इसके लिए वे एक नई योजना लेकर आएंगे, ये योजना नारी समृद्धि सम्मान के नाम से शुरू की जाएगी. सपा चीफ ने कहा कि इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को साल भर में पैसे मिलेंगे. इसे साथ उन्होंने अपनी सरकार की पुरानी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उनकी सरकार 500 रुपये प्रति महीना समाजवादी पेंशन देती थी. सरकार बनने पर इसे भी जारी रखा जाएगा.
यूपी की कानून-व्यवस्था पर बोला हमला
इस दौरान सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने सुल्तानपुर और गोरखपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस अब केवल राजनीतिक काम कर रही है. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि पुलिस का अब एक ही सिद्धांत बन गया है कि 'हथेली गरम तो पुलिस नरम'. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के अलावा बाकी सब कुछ कर रही है. उन्होंने जनता से अपील की कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए इस सरकार को हटाना जरूरी है.
ग्रीन कॉरिडोर के डिजाइन पर उठाए सवाल
राजधानी लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर पर बोलते हुए उन्होंने इस प्रोजेक्ट को 'बर्बाद कॉरिडोर' करार दिया. उन्होंने कहा कि भले ही देश के रक्षा मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र के लगाव के कारण इसके लिए कोशिश की हो लेकिन मुख्यमंत्री ने इसका डिजाइन मानकों के खिलाफ बनवाया है. अखिलेश के मुताबिक, इस सड़क पर पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है. उन्होंने इसे ट्रैफिक जाम का कारण बताते हुए कहा कि इसकी डिजाइन ऐसी है कि हर चौराहे पर पुलिस लगानी पड़ेगी.
बंगाल चुनाव और अधिकारियों की सेटिंग पर तंज
इसके साथ ही उन्होंने बंगाल चुनावों पर बोलते हुए चुनाव आयोग और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि बंगाल में अधिकारी बदलने के बावजूद जनता ने ममता जी को ऐतिहासिक जीत दिलाई. वहीं यूपी के संदर्भ में उन्होंने आरोप लगाया कि आने वाले चुनाव के लिए अभी से अधिकारियों की 'सेटिंग' शुरू हो गई है कि किसे कहां तैनात करना है. उन्होंने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर कोई भी सूची बना लें, लेकिन अंत में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है.
यह भी पढ़ें: केसी त्यागी ने बेटे संग जॉइन की राष्ट्रीय लोक दल, लेकिन नहीं टूटेगा पुराने साथियों से रिश्ता, जानिए कैसे
ADVERTISEMENT


