Akhilesh Yadav Statement on Jantar Mantar Protest: संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन दिल्ली की सड़कों पर भारी हंगामा देखने को मिला. जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कई छात्र संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने मिलकर संसद की तरफ 'चलो संसद' मार्च निकाला. लेकिन दिल्ली पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और उन पर कथित तौर पर लाठीचार्ज कर दिया. हालांकि, इस घटना पर दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और विरोध-प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है. पुलिस ने कहा कि सभी से अनुरोध किया वे किसी भी अफवाह या गलतफहमी पर ध्यान न दें.
ADVERTISEMENT
अब इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की है. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह अहंकार में काम कर रही है. सरकार आंदोलन करने वालों की आवाज को दबाने का काम कर रही है. उन्होंने इस दमन की तुलना इतिहास के विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा किए गए अत्याचारों से कर दी.
'अपनी बात कहने पर मिलती है लाठी और प्रताड़ना'
अखिलेश यादव ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कोई अगर लोकसभा तक आकर अपनी बात कहना चाहता है तो उसे सिर्फ लाठी, अन्याय और प्रताड़ना मिलती है. सरकार में इतना अहंकार है कि वह किसी की बात सुनना ही नहीं चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का ये रवैया नया नहीं है, बल्कि इनके पन्ने पलटने पर पुराने घोटाले भी सामने आ जाते हैं.
पेपर लीक और सरकारी नौकरियों में आरक्षण का मुद्दा
सपा प्रमुख ने पुरानी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि जब यूपी में बीजेपी की सरकार थी, तब एक साल का मेडिकल कोर्स और पूरा सेशन जीरो हो गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं में शामिल लोग बीजेपी से ही जुड़े हैं. अखिलेश के मुताबिक, उन्होंने यूपी में बाकायदा एक ऑडिट करके किताब भी जारी की थी, जिसमें 20 से ज्यादा पेपर लीक होने की बात थी. उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी नौकरी इसलिए नहीं देना चाहती क्योंकि उसे आरक्षण देना पड़ेगा.
सपा के युवा सांसदों से कही बात
अखिलेस यादव ने कहा कि आउटसोर्सिंग के जरिए सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है.अखिलेश यादव ने अपने युवा सांसदों को कहा कि जिन बच्चों पर लाठियां चली हैं, उनसे मिलने के लिए पार्टी के सांसद जंतर-मंतर जाएं. वे वहां जाकर प्रदर्शनकारियों का हालचाल लें और उन्हें यह भरोसा दिलाएं कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है.
'चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी और सूची की चोरी' का गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने अपनी बातचीत में बीजेपी पर आरोप लगाया कि यह सरकार चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी और सूची की चोरी में लगी है. उन्होंने यहां तक दावा किया कि भगवान राम के मंदिर में भी चोरी हुई है और इसे सब जानते हैं. अखिलेश यादव ने दिल्ली और लखनऊ की सरकारों के बीच आंतरिक खींचतान की तरफ भी इशारा किया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या SIT का गठन दिल्ली वालों से पूछकर हुआ था? उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि दिल्ली वालों ने उद्घाटन किया था इसलिए लखनऊ वालों ने SIT जांच कराकर चीजें अपने हाथ में ले लीं ताकि बड़ी मछली को बचाया जा सके. उन्होंने स्थानीय सांसद अवधेश जी का जिक्र करते हुए कहा कि पैसा कर्नाटक और महाराष्ट्र तक जाने की बातें सामने आई हैं.
यह भी पढ़ें: CJP Protest LIVE Updates: CJP के प्रतिनिधि सरकार से करने जा रहे मुलाकात, अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल
ADVERTISEMENT


