हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शामली में हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हत्या में शामिल दो मुख्य शार्प शूटरों मोहित और सुमित को मार गिराया. दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
ADVERTISEMENT
मुठभेड़ का घटनाक्रम और बरामदगी
ये कार्रवाई 31 अगस्त को शामली के कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास हुई थी. पुलिस, झिंझाना थाना पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के दो हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं. जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है. वहीं मौके से दो पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, 15 खोखे, एक स्प्लेंडर बाइक, एक बैग, मोबाइल फोन और 5,000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं. मारे गए शूटर मोहित पर पहले से 14 और सुमित पर 1 आपराधिक मामला दर्ज था.
पिता ने सीएम से की अपील
एनकाउंटर के बाद गायक अंकित के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दो शूटरों के मारे जाने से उन्हें थोड़ी राहत और संतुष्टि मिली है लेकिन अभी आधा इंसाफ ही हुआ है. उन्होंने बाकी बचे आरोपियों के खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की मांग की है.
बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक दबाव के बीच कार्रवाई
अंकित बालियान की हत्या के बाद से ही पुलिस-प्रशासन पर लगातार दबाव बना हुआ था. मृतक की पत्नी ने इंसाफ न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी, वहीं पिता ने महापंचायत बुलाने का फैसला लिया था. मामले की गंभीरता और राजनीतिक बयानबाजी को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों की तलाश तेज कर दी थी. पुलिस की जांच के अनुसार, अंकित बालियान हत्याकांड में कुल 6 लोग शामिल थे, जिनमें से चार शार्प शूटर और दो रेकी करने वाले थे. पुलिस अब बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी और तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड पर शामली में बढ़ा गुस्सा, अल्टीमेटम खत्म होते ही महापंचायत की तैयारी, STF ने तेज की छापेमारी
ADVERTISEMENT


