Ankit Balyan Murder Shooter Sumit Encounter: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान दो आरोपी शूटरों को मार गिराया है. मारे गए शूटरों की पहचान हरियाणा के मोहित और सुमित के रूप में हुई है. सुमित के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर जैसे ही उसके परिवार को मिली तो उसके घर में कोहराम मच गया. बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद से सुमित के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे का इस्तेमाल किया गया और उसे साजिश के तहत अपराध की दुनिया में धकेला गया. सुमित के पिता ने मीडिया से बात करते हुए उसके बारे में कई चौंकाने वाली बातें भी बताईं हैं. चलिए जानते हैं उसके पिता ने क्या क्या बताया.
ADVERTISEMENT
'मोहित ने मेरे बेटे को अपने कब्जे में ले लिया था'
सुमित के पिता ने बताया कि उनका 12वीं पास बेटा पहले मजदूरी और वाई-फाई लगाने का काम करता था और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि एक अन्य आरोपी मोहित ने उनके बेटे से संपर्क बढ़ाया और उसे पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया. पिता के मुताबिक, सुमित घर बहुत कम आता था और जब वे उससे पूछते थे तो वह कहता था कि पापा मैं बहुत मजबूर हूं. पिता का दावा है कि उनके बेटे को पैसे या किसी अन्य चीज का लालच देकर इस वारदात में घसीटा गया.
'पुलिस ने एनकाउंटर की कोई सूचना नहीं दी'
सुमित के पिता ने यूपी पुलिस की कार्रवाई और प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें सोनीपत से पूछताछ के लिए ले गई थी, लेकिन रात को घर छोड़ दिया और बेटे के एनकाउंटर की कोई जानकारी नहीं दी. जब वे अपने भाई के घर पहुंचे तो उन्हें रिश्तेदारों से सुमित के एनकाउंटर की खबर मिली. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के एक अन्य सदस्य को भी पुलिस ने अभी तक हिरासत में ले रखा है.
शव लेने जाने से डर रहा परिवार, सुरक्षा की मांग
सुमित के पिता ने कहा कि वे मजदूरी करने वाले गरीब इंसान हैं और उन्हें सिर्फ इंसाफ चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें दूसरी पार्टी से खतरे का डर है, इसलिए जब तक पुलिस सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी नहीं लेती, वे अस्पताल शव लेने जाने की स्थिति में नहीं हैं. अब उनके इस बयान के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है और पुलिस प्रशासन पर भी परिजनों के सवालों के जवाब देने का दबाव बढ़ गया है.
ADVERTISEMENT


