Phalahari Baba statement on Ashutosh Brahmachari attack case: आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए कथित हमले का मामले तूल पकड़ता जा रहा है. अब इस मामले में जीआरपी थाने में अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, लेकिन दर्ज हुई FIR में स्वामी अवमुक्तेश्वरानंद और फलाहारी बाबा समेत कई बड़े नाम शामिल होने से हड़कंप मच गया है. उधर मामले में अब मथुरा के दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी बाबा का बयान भी सामने आया है. उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है.
ADVERTISEMENT
FIR में किस किस के नाम शामिल?
आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्रयागराज जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस तहरीर में स्वामी अवमुक्तेश्वरानंद, मुकुंदानंद, प्रकाश उपाध्याय और अरविंद के साथ-साथ मथुरा के दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी बाबा का नाम भी लिखा है. इसमें आरोप लगाया गया है कि इन सभी के इशारे पर ही फलाहारी बाबा ने सिराथू स्टेशन के पास आशुतोष पर धारदार हथियार से हमला करवाया.
फलाहारी बाबा का पलटवार
वही इस मामले में फलाहारी बाबा ने बोलते हुए कहा कि आशुतोष पांडेय ट्रेन में अपने ऊपर हुए कथित जानलेवा हमले की बात कर रहा है, लेकिन यह पूरी तरह से झूठा और सोचा समझा षड्यंत्र है. यह व्यक्ति भैरूपिया और झूठ बोलने वाला है. इसने खुद ही कोच के टॉयलेट में जाकर ब्लेड से अपनी नाक और होंठ पर चीरा लगाया है. अब यह हमें फंसाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि ट्रेन की एसी कोच के अटेंडेंट का कहना है कि टॉयलेट के बाहर कोई घटना नहीं हुई, जबकि आशुतोष पांडेय कह रहा है कि हमला टॉयलेट के बाहर हुआ था. दोनों के बयानों में साफ तौर पर बड़ा अंतर है. फलाहारी बाबा ने कहा कि हमारी मुख्यमंत्री योगी से मांग है कि इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए. साथ ही आशुतोष पांडेय का नार्को टेस्ट और पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया जाए जिससे की दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.
'सुरक्षा पाने के लिए फर्जी हमले का नाटक'
फलाहारी बाबा ने कहा कि ये व्यक्ति हमारी आवाज दबाने के लिए इस तरह का षड्यंत्र रच रहा है. उन्होंने कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी पहले भी शामली में सैकड़ों लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसा चुका है. यह 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर भी रह चुका है. यह कभी भी किसी को फंसा सकता है.उन्होंने कहा कि ये बहुत ही शातिर किस्म का व्यक्ति है और कानून की सारी बारीकियां जानता है. ये पहले अपने ऊपर हमला कराता है और फिर दूसरों को फंसाने की कोशिश करता है. पहले भी इसने पाकिस्तान से फर्जी धमकी दिलवाकर अपने लिए सुरक्षा हासिल करने की कोशिश की थी. इलाहाबाद समेत कई जगहों पर भी ये अपने ऊपर हमले का दावा कर चुका है जिससे की सुरक्षा मिल सके.
फलाहारी बाबा के अनुसार आशुतोष ब्रह्मचारी का मकसद किसी भी तरह सुरक्षा हासिल करना और फिर उसी सुरक्षा का फायदा उठाकर लोगों को डराना-धमकाना है. इसलिए इस व्यक्ति की गहन जांच होनी चाहिए. यह दुराचारी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और शामली में लोग इससे भयभीत हैं. कुछ लोग तो डर की वजह से शामली छोड़कर भी चले गए हैं. उन्होंने कहा कि जब तक इस व्यक्ति का नार्को टेस्ट और पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं होगा, तब तक यह लोगों में डर पैदा करता रहेगा और उन्हें फर्जी मामलों में फंसाता रहेगा.
हमने 26 फरवरी को माननीय राष्ट्रपति महोदया को पत्र लिखकर पहले ही बता दिया था कि यह व्यक्ति हमें फर्जी केस में फंसाने की धमकी दे रहा है. इससे पहले भी यह हमें जान से मारने की धमकी दे चुका है.
क्या था मामला?
बता दें कि आशुतोष ब्रह्मचारी रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे. आरोप है कि इस दौरान फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच जब वे टॉयलेट के लिए उठे तब ही एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनकी नाक पर हमला कर दिया. आशुतोष का दावा है कि उन्होंने मुकाबला किया और बाथरूम में खुद को बंद कर जान बचाई. इस घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों के बीच काफी दहशत फैल गई थी.
इनपुट: संतोष शर्मा
ADVERTISEMENT

