माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे और लाडले बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में हुई मौत के 6 दिन बाद घटना का एक खौफनाक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. यह वीडियो पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में कैद हुआ था, जिसमें तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार होती दिखाई दे रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद झांसी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था अबान
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह प्रयागराज से अतीक का बेटा अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था. तभी झांसी-कानपुर हाईवे पर उनकी क्रेटा कार भयानक दुर्घटना का शिकार हो गई. इस दर्दनाक हादसे में अबान अहमद और उसके साथी राजू खान की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार चला रहा ड्राइवर ज़ैद गंभीर रूप से घायल हो गया था.
ओवरटेक के दौरान हुआ भयानक हादसा
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार एक पिकअप को ओवरटेक करने की कोशिश करती है. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे उतर जाती है. चालक के संभालने से पहले ही तेज रफ्तार कार कंक्रीट के डिवाइडर से जोर से टकराती है और हवा में उछलकर सड़क की दूसरी तरफ जा गिरती है. शुरुआती खबरों में गाय को बचाने के दौरान हादसा होने की बात कही गई थी, लेकिन वीडियो में अनियंत्रित होकर टकराने का मंजर साफ दिख रहा है.
पुलिस जांच में जुटी, दिए सतर्कता के निर्देश
मामले में झांसी पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और स्रोत की जांच कराई जा रही है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) झांसी के निर्देशानुसार वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जांच और पुष्टि के इस वीडियो को शेयर या प्रसारित न करें.
यह भी पढ़ें: अबान अहमद की मौत से पहले का VIDEO आया सामने, ओवरटेक करते ही कार ने खोया था कंट्रोल!
ADVERTISEMENT


