माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई है. झांसी-कानपुर हाईवे पर पुंछ थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई भीषण कार टक्कर में अबान और उसके दोस्त की जान चली गई. शुक्रवार सुबह जब अबान का शव प्रयागराज लाया गया तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया. अबान को प्रयागराज के उसी कसारी-मिसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी है, जहां उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद दफन हैं.
ADVERTISEMENT
हादसे में आई गंभीर चोटें, मौके पर ही हुई मौत
झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार कार की भीषण टक्कर के कारण अबान को सिर पर गंभीर चोट (ब्रेन हैमरेज) आई थी. इसके अलावा शरीर के अंदरूनी अंग जैसे लिवर, आंतें और दिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
जिंदगी भर कसकता रहा पिता को न देख पाने का दर्द
अबान अहमद के करीबियों के मुताबिक, उसकी जिंदगी में सबसे बड़ा गम अपने पिता अतीक अहमद को आखिरी बार न देख पाने का था. 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक के परिवार पर शिकंजा कसा गया था. उस समय नाबालिग होने के कारण अबान और उसके भाई आजम को प्रयागराज के राजरूपपुर स्थित बाल संरक्षण गृह में रखा गया था.
अप्रैल 2023 में जब 13 अप्रैल को असद का पुलिस एनकाउंटर हुआ और 15 अप्रैल को पुलिस हिरासत में अतीक अहमद व अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई, तब अबान और आजम बाल संरक्षण गृह की चारदीवारी में बंद थे. कानूनी बंदिशों और बाल कल्याण समिति की अनुमति न मिलने के कारण वे अपने पिता, चाचा और भाई के जनाजे में शामिल नहीं हो सके थे.
7 महीने बाद कब्रिस्तान पहुंचकर फूट-फूटकर रोया था अबान
अक्टूबर 2023 में जब बाल कल्याण समिति ने दोनों भाइयों को उनकी बुआ परवीन कुरैशी की सुपुर्दगी में सौंपा, तब बाल संरक्षण गृह से बाहर आते ही दोनों सबसे पहले कसारी-मिसारी कब्रिस्तान पहुंचे थे. करीब 7 महीने बाद पिता और भाई की कब्र पर फातिहा पढ़ते समय अबान फूट-फूटकर रो पड़ा था.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अबान के शव को प्रयागराज के हटवा में उसकी चाची के घर पर रखा गया है, जिसके बाद अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके और कब्रिस्तान के आसपास कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं.
ये भी पढ़ें: झांसी हाईवे पर अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत कैसे हुई? तस्वीरों में देखिए पूरी घटना की कहानी
ADVERTISEMENT


