Atiq Ahmed Son Umar Ahmed News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अतीक अहमद के परिवार को लेकर एक बार फिर बड़ी सियासी हलचल शुरू हो गई है. लखनऊ जेल में बंद अतीक अहमद के सबसे बड़े बेटे उमर अहमद के आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने की अटकलों के बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का आधिकारिक बयान सामने आया है. प्रयागराज में AIMIM के महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने यूपी तक से खास बातचीत में कहा कि अगर उमर अहमद पार्टी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखते हैं, तो पार्टी हाईकमान उस पर गंभीरता से विचार करेगा.
ADVERTISEMENT
छोटे भाई के जनाजे में उमड़ी भीड़ से शुरू हुई चर्चा
उमर अहमद के चुनाव लड़ने की चर्चाएं तब शुरू हुईं जब 8 अगस्त 2026 को अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अब्बान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए कोर्ट से पेरोल मिलने के बाद उमर अहमद (लखनऊ जेल से) और अली अहमद (झांसी जेल से) को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान लाया गया था. उस दौरान कब्रिस्तान में अतीक के बेटों को देखने और मिलने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी.
इसी दौरान AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की भी अतीक के बेटों से मुलाकात हुई थी, जहां दोनों बेटों ने AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी को सलाम और पैगाम भिजवाया था.
AIMIM नेता अफसर महमूद का बयान
AIMIM के महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने बताया, "अतीक अहमद खुद और उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन AIMIM की सदस्यता ले चुके थे. अली अहमद भी पार्टी में शामिल हुए थे, लेकिन उमर जेल में होने के कारण सदस्यता नहीं ले पाए थे. अभी तक उमर या उनके परिवार की तरफ से चुनाव लड़ने का कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं आया है. लेकिन अगर वे जेल से ही पार्टी जॉइन कर चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हैं और कोर्ट से कोई कानूनी अड़चन नहीं आती है, तो पार्टी हाईकमान उनके टिकट पर विचार करेगा और अंतिम फैसला लेगा."
क्या आसान होगी जेल से चुनाव लड़ने की राह?
अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर अहमद पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे लंबे समय से लखनऊ जेल में बंद हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में इतने मुकदमों के बावजूद उमर अहमद का जेल से पर्चा दाखिल करना और चुनाव लड़ना संभव हो पाएगा? कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट की मंजूरी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अतीक का परिवार दोबारा चुनावी राजनीति में अपनी किस्मत आजमाएगा या नहीं.
ADVERTISEMENT


