अयोध्या के राम मंदिर से सामने आए चढ़ावा चोरी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस मामले ने अब सियासी रंग भी ले लिया है और लगातार बयानबाजी हो रही है. इसी बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह दान चोरी को लेकर बड़ा बयान दे रहे हैं. सतीश महाना वीडियो में साफ कह रहे हैं, 'सच्ची श्रद्धा से जिन्होंने दान नहीं दिया, उनका पैसा चोरी हो गया'. अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जोड़ते हुए सवाल उठाए है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
सतीश महाना का वीडियो वायरल
भाजपा विधायक सतीश महाना का एक 15 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. इस वीडियो में सतीश महाना कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि, 'सच्ची श्रद्धा से जिन्होंने दान नहीं दिया, उनका पैसा चोरी हो गया. हमारा पैसा चोरी नहीं हुआ है, हमारा पैसा मंदिर में लगा है. मंदिर का भव्य स्वरूप इस बात का प्रमाण है.'
विपक्ष ने घेरा, बोला तीखा हमला
जैसे ही सतीश महाना का वीडियो वायरल हुआ तो कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है. कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा है कि, इस तरह का बयान देकर श्रद्धालुओं को ही जिम्मेवार बताने की कोशिश की जा रही है, जो कि सही नहीं है. अगर दान से जुड़ा कोई विवाद सामने आया है तो उसकी सही और निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए, ना कि उलटे श्रद्धालुओं के नीयत पर सवाल उठाया जाना चाहिए.
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि दान से जुड़े मामले में जवाबदेही तय करने के बजाय लोगों को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है. विपक्षी नेताओं का तर्क है कि यदि वित्तीय अनियमितता या किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत है, तो संबंधित एजेंसियों से इसकी पारदर्शी जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है, इसलिए इस विषय पर सार्वजनिक बयान देते समय संवेदनशीलता जरूरी है. इसके साथ ही, विपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष से अपने बयान पर पुनर्विचार करने और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करने का आग्रह किया है.
ADVERTISEMENT


