Ram Mandir Donation SIT Report: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर इन दिनों देशभर में चर्चा तेज है. इस मामले में अब सभी की निगाहें SIT की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं. इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई है कि SIT ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर ली है और इसे जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा जा सकता है.
ADVERTISEMENT
6 दिनों तक चली जांच के दौरान करीब 150 संदिग्धों से पूछताछ की गई है. सूत्रों के मुताबिक, लगभग 25 लोगों पर कार्रवाई की आंच पहुंच सकती है. बताया जा रहा है कि इनमें ज़्यादातर चढ़ावे से जुड़े सेवादार शामिल हो सकते हैं. हालांकि, अंतिम निष्कर्ष और कार्रवाई को लेकर आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
SIT जांच में क्या निकला?
सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी की जांच रिपोर्ट में ट्रस्ट के भीतर कामकाज के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए गए हैं. वर्तमान व्यवस्था के अंदर पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर कई खामियों का जिक्र किया गया है. यह रिपोर्ट सिर्फ किसी एक घटना या किसी एक फैसले को नहीं देखती, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे और फैसले लेने की प्रक्रिया को समझने की कोशिश करती है.
जानकारी के मुताबिक, रिपोर्ट में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया है कि ट्रस्ट के अंदर काम किस तरह से संचालित होता है, फैसले किस प्रक्रिया से लिए जाते हैं और निगरानी की व्यवस्था कितनी प्रभावी है. सूत्रों के मुताबिक, जांच में कई ऐसे बिंदु सामने आए हैं, जिनके आधार पर मौजूदा कामकाज के मॉडल पर सवाल खड़े हुए हैं.
नए ट्रस्ट के लिए नई व्यवस्था की सिफारिश?
सूत्र बताते हैं कि एसआईटी ने सिर्फ कमियों को चिन्हित नहीं किया है, बल्कि आगे की व्यवस्था को लेकर सुझाव भी दिए हैं. रिपोर्ट में नए ट्रस्ट के लिए नई व्यवस्था की सिफारिश की गई है. इसके साथ ही प्रोफेशनल मैनेजमेंट को शामिल करने और एक सीईओ की नियुक्ति की अनुशंसा भी की जा सकती है. माना जा रहा है कि इसका मकसद प्रशासनिक जिम्मेदारियों को ज्यादा स्पष्ट करना और कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाना हो सकता है.
बयानों का मिलान के साथ दस्तावेजी सबूतों की पड़ताल
जांच प्रक्रिया को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी पड़ताल के दौरान लगभग दर्जन भर बड़े नामों और सेवादारों के लिखित बयान लिए गए हैं. जांच सिर्फ बयान लेने तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब उन बयानों का उनकी बातचीत और हासिल जानकारियों के साथ मिलान किया जा रहा है. जांच में दस्तावेज, बयान और बाकी एविडेंस के आधार पर एक बिग पिक्चर तैयार करने की कोशिश की गई है.
व्यक्ति विशेष के बजाय सिस्टम की खामियों पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक, इस रिपोर्ट में गंभीर गड़बड़ियों का जिक्र जरूर किया गया है, लेकिन सीधे तौर पर किसी एक व्यक्ति को दोषी ठहराए जाने की संभावना कम बताई जा रही है. रिपोर्ट का रुख व्यक्तियों की बजाय सिस्टम और प्रक्रियाओं की तरफ ज्यादा माना जा रहा है. सवाल यह उठाया गया है कि क्या मौजूदा व्यवस्था में ऐसे बदलाव की जरूरत है, जिससे भविष्य में कामकाज ज्यादा पारदर्शी और बेहतर निगरानी के साथ हो सके.
प्रशासनिक ढांचे में सुधार की जरूरत पर जोर
रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी यह भी संकेत देती है कि जांच का मकसद केवल जिम्मेदारी तय करना नहीं, बल्कि उन प्रक्रियाओं की पहचान करना भी है जहां सुधार की कमी महसूस की गई. यही वजह है कि इसमें प्रशासनिक ढांचे और संचालन प्रणाली को लेकर दिए गए सुझावों को बेहद अहम माना जा रहा है.
रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजरें
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जब यह रिपोर्ट आधिकारिक तौर पर सामने आएगी, तो इसके निष्कर्ष किस रूप में सामने आते हैं. क्या ट्रस्ट के संचालन में कोई नया मॉडल अपनाया जाएगा और क्या कामकाज को लेकर उठे सवालों के जवाब नई व्यवस्था के जरिए दिए जाएंगे. यह मामला सिर्फ एक रिपोर्ट का नहीं है, बल्कि सवाल उस व्यवस्था का है जिससे करोड़ों लोगों की भावनाएं और भरोसा जुड़ा हुआ है. इसलिए इस रिपोर्ट के हर निष्कर्ष और हर सिफारिश पर आने वाले दिनों में सबकी नजर बनी रहने वाली है.
यह भी पढ़ें: CM योगी के मंच पर 'कुर्सी' के लिए भिड़ गए BJP MLC, बोले- 'लो ये पड़ी तुम्हारी कुर्सी और हम चले'
ADVERTISEMENT


