अयोध्या की मशहूर रामलीला इस बार नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाली है. हर साल अयोध्या में होने वाला यह भव्य आयोजन इस बार दिल्ली में किया जाएगा. रामलीला में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज़ मेजो माता सीता की भूमिका निभाएंगी. वहीं बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन प्रभु श्रीराम का किरदार निभाएंगे.
ADVERTISEMENT
रामलीला का मंचन 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में होगा. आयोजन को भव्य बनाने के लिए बड़े सेट, आधुनिक तकनीक और विशाल एलईडी स्क्रीन का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके जरिए त्रेतायुग की कहानी को मंच पर जीवंत करने की तैयारी है.
सात साल से अयोध्या में हो रहा था आयोजन
अयोध्या की रामलीला पिछले सात वर्षों से अयोध्या की पावन धरती पर आयोजित होती रही है. इस आयोजन को देश ही नहीं, विदेशों में भी दर्शकों का काफी प्यार मिला है. रामलीला के संस्थापक और अध्यक्ष सुभाष मलिक के मुताबिक पिछले साल करीब 62 करोड़ लोगों ने इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से देखा था. इसी लोकप्रियता को देखते हुए इस बार भी आयोजन को बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी है.
मिस यूनिवर्स इंडिया निभाएंगी माता सीता का किरदार
इस बार रामलीला में सबसे ज्यादा चर्चा मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज़ मेजो की भूमिका को लेकर है. वह मंच पर माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. केजिया लिज़ मेजो के रामलीला से जुड़ने के बाद इस आयोजन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. वहीं प्रभु श्रीराम की भूमिका के लिए अभिनेता और सांसद रवि किशन को चुना गया है.
रवि किशन बनेंगे श्रीराम
भोजपुरी सिनेमा के साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बना चुके रवि किशन इस बार प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाएंगे. वह मौजूदा समय में सांसद भी हैं. रामलीला में उनके साथ भारतीय फिल्म और भोजपुरी सिनेमा के कई चर्चित कलाकार भी अलग-अलग किरदार निभाते दिखाई देंगे.
रावण से लेकर कुंभकरण तक दिखेंगे बड़े कलाकार
इस भव्य मंचन में कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. अभिनेता अरुण बख्शी रावण का किरदार निभाएंगे. वहीं बिंदु दारा सिंह कुंभकरण की भूमिका में दिखाई देंगे. अवतार गिल को मेघनाद की भूमिका दी गई है. जबकि पुनीत इस्सर परशुराम के किरदार में नजर आएंगे.
सांसद और भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी भी रामलीला का हिस्सा होंगे. वह अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देंगे. इनके अलावा अभिनेता रज़ा मुराद सहित कई अन्य चर्चित कलाकार भी महत्वपूर्ण पात्रों को मंच पर जीवंत करेंगे.
दिल्ली में पहली बार भव्य मंचन
अयोध्या की रामलीला का यह आयोजन इस बार दिल्ली में होगा. 10 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस मंचन में तकनीक और भव्य सेट के जरिए रामायण की कहानी को दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा.
आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की गाथा को बड़े मंच पर पेश करना है. इस बार फिल्म, भोजपुरी और मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम रामलीला के अलग-अलग पात्रों में नजर आएंगे.
ADVERTISEMENT


