आजम खान के परिवार के लिए सुप्रीम कोर्ट से आई बड़ी खुशखबरी, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र केस में मिली राहत

• 11:44 AM • 17 Nov 2026

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की सजा पर लगी रोक को बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम की दोषसिद्धि पर भी रोक लगाकर पूरे परिवार को बड़ी कानूनी राहत दी है.

आजम खान
आजम खान
Google CTA

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े विवादित मामले में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान और उनके परिवार के लिए देश की सबसे बड़ी अदालत से एक बेहद सुकून भरी खबर आई है. सुप्रीम कोर्ट ने इस केस में आजम खान की सजा और दोषसिद्धि पर लगी रोक को जारी रखने का फैसला सुनाया है. इतना ही नहीं, शीर्ष अदालत ने इस राहत को रद्द करने की मांग लेकर पहुंची उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका को भी सिरे से खारिज कर दिया है.

Read more!

सुप्रीम कोर्ट का ये फैसला सिर्फ आजम खान तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी बड़ी कानूनी जीत मिली है. अदालत ने इन दोनों की दोषसिद्धि पर भी रोक लगाने का आदेश जारी किया है. कोर्ट के इस रुख के बाद अब इस पूरे मामले में खान परिवार के तीनों सदस्यों को एक साथ राहत मिल गई है.

आखिर क्या था यह पूरा विवाद?

इस कानूनी लड़ाई की शुरुआत निचली अदालत के एक कड़े फैसले से हुई थी. बेटे अब्दुल्ला आजम के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के आरोपों में सुनवाई करते हुए निचली अदालत ने आजम खान, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम- तीनों को दोषी करार दिया था. अदालत ने इस अपराध के लिए तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी.

निचली अदालत से झटका लगने के बाद खान परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस पर सुनवाई करते हुए आजम खान की सजा और दोषसिद्धि पर तो रोक लगा दी थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को वैसी राहत देने से साफ इनकार कर दिया था. उस वक्त हाईकोर्ट के इस आदेश से आजम खान को तो फौरी राहत मिल गई थी, मगर तंजीन और अब्दुल्ला की मुश्किलें बरकरार थीं.

सुप्रीम कोर्ट में आमने-सामने थे दोनों पक्ष

हाईकोर्ट के उस फैसले के बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट की दहलीज पर पहुंचा. एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार थी, जिसने आजम खान को मिली राहत का विरोध करते हुए हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी. सरकार चाहती थी कि आजम खान की सजा पर लगी रोक हटाई जाए.

दूसरी तरफ, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने हाईकोर्ट के उस हिस्से के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से मना किया गया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यूपी सरकार की दलीलों को नामंजूर कर दिया और हाईकोर्ट के फैसले को सही ठहराया. साथ ही, पत्नी और बेटे की दोषसिद्धि पर भी रोक लगाकर पूरे परिवार को बड़ी राहत दे दी है.

ये भी पढ़ें: वाराणसी: रात में होटल पहुंचे विकास और प्रिया, रिश्तेदार बताकर रूम बुक किया, फिर कुछ घंटे बाद ही दोनों के मिले शव, आखिर बंद कमरे में क्या हुआ?