उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. यहां एक 55 वर्षीय शख्स की 'शादी की सनक' ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. यह शख्स अब तक सात शादियां कर चुका है और अब आठवीं शादी करने की तैयारी में है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस बारात को रोकने के लिए कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना नाबालिग बेटा थाने पहुंच गया है. विस्तार से जानिए इस मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
7 पत्नियां और अब 8वीं की तैयारी
मामला अहिरौला थाना क्षेत्र का है, जहां के रहने वाले अमरजीत मौर्या पर उनके बेटे ने गंभीर आरोप लगाए हैं. बेटे का कहना है कि उसके पिता की शादी करने की भूख खत्म ही नहीं हो रही है. अब तक वह सात शादियां कर चुके हैं. बेटे के अनुसार, उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी, और उसके बाद भी कई शादियां कीं. साल 2024 में उन्होंने छठवीं शादी की थी, लेकिन वह पत्नी जमीन और जेवर की मांग पूरी न होने पर घर छोड़कर चली गई.
जमीन बेचकर शादी करने का प्लान
12वीं कक्षा में पढ़ने वाले पीड़ित बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता शादी के लालच में घर की बची-कुची जमीन भी बेचने की फिराक में हैं. बेटे का दावा है कि पिता ने जमीन बेचने के लिए किसी से ₹50,000 एडवांस भी ले लिए हैं. परिवार की आधी से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है. बेटा अपनी जमीन और भविष्य बचाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है.
बेटे से मजदूरी, खुद का ऐश
बेटे ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके पिता उसे पढ़ाई छोड़कर बाहर जाकर मजदूरी करने के लिए मजबूर करते हैं. वह बाहर कमाकर पिता का कर्ज भर रहा है और अपनी पढ़ाई का खर्च भी खुद उठा रहा है. बेटे ने कहा, 'पिताजी कहते हैं कि कमा कर लाओ और मेरा कर्जा भरो, वरना मैं जमीन बेच दूंगा'. जब वह परीक्षा देने गांव आया, तब उसे पता चला कि पिता आठवीं शादी की तैयारी कर रहे हैं, जिसके बाद वह थाने पहुंचा.
प्रधान ने की पुष्टि, पुलिस जांच में जुटी
गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी अमरजीत मौर्या की कई शादियों की बात की पुष्टि की है. वहीं, इस मामले पर थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा का कहना है कि बेटे की तहरीर मिल गई है. दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, पूरे इलाके में इस 'शादीशुदा' पिता और लाचार बेटे की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है. अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस आठवीं बारात पर ब्रेक लगा पाएगी या नहीं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

