Baghpat Murder Case: बागपत उत्तर प्रदेश के बागपत जिले एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों और दोस्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक महिला के तीन आशिकों ने मिलकर अपने ही दोस्त की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार दोस्त उनके प्रेम संबंधों के रास्ते का कांटा बन रहा था. अब पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
ADVERTISEMENT
यह घटना बागपत के मीतली गांव की है. मूलचंद उर्फ सोनू नामक युवक गांव में ही फास्ट फूड का काम करता था. सोनू को अंदाजा भी नहीं था कि जिन दोस्तों के साथ वो रोज बैठता था, वही उसकी मौत की साजिश रच रहे थे. पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल, दीपक और रिंकू का सोनू की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. इन तीनों को जब लगा कि सोनू उनके रास्ते में बाधा बन रहा है तो उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
ऐसे रची पूरी साजिश
वारदात 2 मई की रात को अंजाम दी गई. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रात करीब 8:30 बजे सोनू को फोन करके बुलाया. उसे गांव के ही एक ट्यूबवेल पर ले जाया गया. यहां पहले से ही शराब और बीयर का इंतजाम था. सोनू को ज्यादा शराब पिलाकर नशे में धुत कर दिया गया. सोनू जैसे ही बेखबर हुआ तो तीनों ने ईंटों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. हमला इतना भयानक था कि सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतक की पत्नी ने निभाई अहम भूमिका
अगली सुबह जब सोनू का शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर शराब की बोतलें और खून से सनी ईंटें बरामद हुईं. मृतक की पत्नी ने बताया कि उसने सोनू को जाने से मना किया था, लेकिन वो दोस्तों के बुलावे पर चला गया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छानबीन शुरू की और महज 3 घंटे के भीतर विशाल, दीपक और रिंकू को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने किया ये खुलासा
बागपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी के साथ उनके संबंधों के कारण ही उन्होंने इस हत्याकांड को अंजाम दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं. फिलहाल, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है.
ADVERTISEMENT


