बागपत: राष्ट्रपति भवन से छुट्टी पर आए जवान को बदमाशों ने मारी गोली! दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ था विवाद

मनुदेव उपाध्याय

• 07:47 PM • 11 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गोपालपुर खड़ाना गांव में दिवाली की रात पटाखा जलाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में तैनात जवान सौरभ तोमर को गोली मार दी. हमले में जवान के बड़े भाई भी घायल हुए हैं. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

 बागपत में राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी सौरभ तोमर के सिर में लगी गोली
राष्ट्रपति भवन से छुट्टी पर आए जवान को बदमाशों ने मारी गोली
Google CTA

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात जवान पर जानलेवा हमला कर दिया गया. जवान सौरभ तोमर दो दिन की छुट्टी लेकर दिवाली मनाने अपने गांव आए थे. आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने विवाद के बाद उन पर फायरिंग कर दी. इस दौरान एक गोली सौरभ के सिर में जा लगी. हमले में उनके बड़े भाई भी घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Read more!

दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद

यह घटना बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव की है. 8 नवंबर की रात करीब 9 से 9:45 बजे के बीच सौरभ तोमर अपने बड़े भाई विनीत के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे. इसी दौरान गांव के रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे. पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और आते ही गाली-गलौज करने लगे.

सौरभ और विनीत ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद तमंचे से फायरिंग भी की. इसी दौरान एक गोली दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में जा लगी. गोली लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े. वहीं, उनके बड़े भाई विनीत के सिर पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

मेरठ के अस्पताल में भर्ती,

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल ले गए. सौरभ तोमर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ितों के पिता जनक राज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

गिरफ्तारी के लिए पुलिस गठित की तीन टीमें

बागपत पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों धीरज और मोनू की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं. मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: सपा नेता अनुराग भदौरिया की पत्नी ने छोड़ा PCS अधिकारी का पद, क्या लड़ेंगी चुनाव? सियासी गलियारों में चर्चा तेज!