Baghpat marriage controversy: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवाड़ा गांव में एक घर से तेज गानों की धुन और ढोल-नगाड़ों की आवाज़ गूंज रही थी. आंगन में कोई डांस कर रहा था तो कोई शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था. मौका था बारात के स्वागत का. मुजफ्फरनगर से दूल्हा वंश सेहरा बांधकर बारात लेकर यहां पहुंचा था और लड़की पक्ष ने भी बारातियों का जोरदार स्वागत किया. शुरुआती रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा मंडप में बैठकर दुल्हन का इंतजार करने लगा.
ADVERTISEMENT
इस खुशियों के माहौल में तभी एक युवती की अचानक एंट्री हुई और उसने सबके सामने दूल्हे को अपना सात साल पुराना प्रेमी बता दिया. यह सुनते ही दूल्हे के चेहरे का रंग उड़ गया. युवती ने आरोप लगाते हुए दुल्हन को एक एक कर दूल्हे के साथ अपनी तस्वीरें दिखानी शुरू कर दीं. यह देख दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए और शादी की खुशियां पलभर में हंगामे में बदल गई. विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक जा पहुंचा.
जानिए क्या है पूरा मामला?
मुजफ्फरनगर के सोरम गांव का रहने वाला वंश बारात लेकर बागपत के निवाड़ा पहुंचा था. शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि अचानक वंश की पुरानी प्रेमिका वहां पहुंच गई. उसने दुल्हन और उसके परिवार के सामने अपना और वंश का सात साल पुराना रिश्ता उजागर कर दिया. युवती ने सबूत के तौर पर अपने मोबाइल में दूल्हे के साथ खींची गई कई निजी तस्वीरें दिखाईं. इन तस्वीरों के सामने आते ही शादी वाले घर में खलबली मच गई.
सात साल पहले शुरू हुआ था प्रेम
युवती ने बताया कि उसकी और वंश की मुलाकात सात साल पहले एक शादी समारोह के दौरान हुई थी. यहीं से दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और रिश्ता गहरा होता गया. प्रेमिका का आरोप है कि वंश लगातार उस पर शादी का दबाव बनाता था. युवती ने बताया कि जब उसने शादी के लिए हामी भरी तो वंश ने अपने पिता की जगह अपने जीजा को रिश्ता लेकर भेजा दिया. उसके इस कदम से युवती ने शादी से मना कर दिया.
प्रेमिका ने लगाए गंभीर आरोप
युवती ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वंश उसे ब्लैकमेल करता था. उसने आरोप लगाया कि मना करने पर वंश ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं, जिससे उसकी भारी बदनामी हुई. इस घटना के कारण उसका स्कूल और पढ़ाई तक छूट गई. युवती ने गुस्से में कहा कि जिस तरह उसे और उसके परिवार को बेइज्जत किया गया, आज उसने भी सबके सामने वंश को बेनकाब कर दिया.
दुल्हन पक्ष ने शादी से किया इनकार
दूल्हे की करतूतें और प्रेमिका द्वारा दिखाई गई तस्वीरें देखकर दुल्हन पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई. दुल्हन ने तुरंत शादी करने से मना कर दिया. दुल्हन का फैसला सुनते ही बारातियों में हड़कंप मच गया. इसके बाद बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा. दुल्हन के परिवार ने साफ कर दिया कि वे ऐसे धोखेबाज व्यक्ति से अपनी बेटी का रिश्ता नहीं करेंगे.
थाने तक जा पहुंचा मामला
हंगामे के बाद दोनों पक्ष और प्रेमिका बागपत कोतवाली पहुंच गए. थाने में काफी देर तक घमासान चलता रहा. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई. आखिर में समझौता हुआ कि लड़का पक्ष शादी की तैयारियों में हुआ सारा खर्च लड़की पक्ष को वापस करेगा. हर्जाने की रकम चुकाने के बाद दूल्हा और उसके परिजन बिना दुल्हन के ही वापस मुजफ्फरनगर लौट गए.
यह भी पढ़ें: 'ये मुल्क आपके बाप का नहीं', संभल CO कुलदीप कुमार के बयान पर ओवैसी का जोरदार पलटवार
ADVERTISEMENT


