उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक फिल्मी अंदाज वाला हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है, जहां एक लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुखपुरा कस्बे की है, जहां अचानक एक युवती को ऊंचे टावर पर चढ़ा देख लोगों के होश उड़ गए. देखते ही देखते टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभालने के लिए माइक का सहारा लिया और घंटों तक युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.
ADVERTISEMENT
प्रेमी के मुकरने पर उठाया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन हाल ही में प्रेमी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था. प्रेमी की बेरुखी से आहत होकर युवती ने यह खौफनाक कदम उठाया और अपनी मांग पूरी करवाने के लिए टावर पर जा बैठी.
वह बार-बार एक ही जिद कर रही थी कि जब तक उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई जाएगी, वह किसी भी कीमत पर नीचे नहीं उतरेगी. यह नजारा मशहूर फिल्म 'शोले' के वीरू की याद दिला रहा था, बस फर्क इतना था कि यहां 'बसंती' टावर पर चढ़ी थी और पुलिस 'वीरू' को ढूंढकर लाई थी.
पुलिस की भावुक अपील और प्रेमी की एंट्री
युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस ने हर मुमकिन कोशिश की. माइक पर पुलिस अधिकारी बार-बार चिल्लाते रहे, 'बेटा नीचे आ जाओ, तुम्हारी सारी शर्तें मान ली गई हैं, गांव वाले राजी हो गए हैं और तुम्हारी शादी यहीं करा देंगे.' पुलिस ने युवती को विश्वास दिलाने के लिए उसके प्रेमी को भी मौके पर बुलवाया. पुलिस ने माइक पर कहा, 'लड़का भी आ गया है, बस यहां तक आ गया है, तुम नीचे आ जाओ.' प्रेमी के मौके पर पहुंचने और शादी का आश्वासन मिलने के बाद ही युवती काफी मान-मनौव्वल के बाद नीचे उतरने के लिए तैयार हुई.
थाने पहुंचा मामला और कानूनी कार्रवाई
युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. पुलिस ने तुरंत दोनों पक्षों (युवती और प्रेमी के परिजनों) को सुखपुरा थाने बुलाया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की ने पूछताछ में बताया कि प्रेमी द्वारा शादी से मना करने के कारण ही वह टावर पर चढ़ी थी. फिलहाल दोनों परिवारों के बीच बातचीत चल रही है और पुलिस तथ्यों की जांच कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है. सरेआम हुए इस ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की माइक वाली अपील लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


