Barabanki Police Fight Video: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां बड्डूपुर थाने (Baddupur Police Station) के दफ्तर के अंदर ही दो सिपाही आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर हाथापाई हुई. पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि थाने के दफ्तर में वर्दी पहने एक सिपाही और सिविल ड्रेस में बैठे एक हेड कॉन्स्टेबल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू होती है. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ जाती है कि वर्दीधारी सिपाही दूसरे पुलिसकर्मी को खींचकर जमीन पर गिरा देता है और उसकी पिटाई शुरू कर देता है. थाने में मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखते हैं.
ड्यूटी शिफ्ट को लेकर विवाद की आशंका
सूत्रों औसर स्थानीय जानकारियों के मुताबिक, मारपीट करने वाला सिपाही अपनी ड्यूटी शिफ्ट से परेशान चल रहा था. आरोप है कि उसकी लगातार नाइट ड्यूटी या सख्त शिफ्ट लगाई जा रही थी, जिससे वह तंग आ चुका था. इसी बात को लेकर उसका अपने वरिष्ठ सहकर्मी (हेड कॉन्स्टेबल) से विवाद हो गया. हालांकि, मारपीट के सटीक कारणों की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की जा रही है.
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने दोनों सिपाहियों को किया लाइन हाजिर
थाने के अंदर हुई इस मारपीट का वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक (SP) अर्पित विजयवर्गीय ने सख्त रुख अपनाया है. एसपी के निर्देश पर दोनों आरोपी सिपाहियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है.
क्षेत्रीय अधिकारी (CO) जगत राम कनौजिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसपी के आदेश पर दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है और पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


