Barabanki Heavy Rain Tragedy News: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज आंधी का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. बाराबंकी जिले में कुदरत का ऐसा कहर बरपा कि एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. खेत देखने गई 55 वर्षीय महिला चौरासा देवी के ऊपर तेज तूफान के दौरान विशालकाय पेड़ गिर गया. पेड़ के नीचे दबने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनका शव करीब 18 घंटे तक पेड़ के नीचे दबा रहा.
ADVERTISEMENT
खेत देखने गई थीं चौरासा देवी, अचानक बिगड़ा मौसम
मिली जानकारी के अनुसार, बाराबंकी की रहने वाली 55 साल की चौरासा देवी रोज की तरह दोपहर में अपने खेत की ओर गई थीं. वह खेत में लगी फसलों का मुआयना कर रही थीं कि अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज आंधी और तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. तूफान इतना भीषण था कि खेत के किनारे लगा एक विशाल अर्जुन का पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे चौरासा देवी के ऊपर आ गिरा.
18 घंटे बाद परिजनों ने खोज निकाला शव
घटना के बाद जब काफी देर तक चौरासा देवी घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार वालों ने आसपास और खेतों में उनकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद परिजनों को चौरासा देवी का शव उखड़े हुए पेड़ के नीचे दबा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई, सहायता राशि का आश्वासन
घटना की सूचना मिलने के बाद आलियाबाद चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा प्राकृतिक आपदा का परिणाम है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही राजस्व विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि शासन की ओर से मिलने वाली दैवीय आपदा सहायता राशि पीड़ित परिवार को दिलाई जा सके.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: रवि किशन से फोन पर भिड़ने वाले पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी कौन, सामने आई ये जानकारी
ADVERTISEMENT


