उत्तर प्रदेश के आगरा में एक प्रस्तावित वेब सीरीज के नाम को लेकर भारी बवाल शुरू हो गया है. वेब सीरीज का नाम 'घूसखोर पंडित' सामने आते ही ब्राह्मण समाज में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस नाम को समाज का अपमान बताते हुए आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया.
ADVERTISEMENT
शंखनाद के साथ युद्ध का आगाज
हाथों में शंख लेकर और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यह वेब सीरीज जानबूझकर ब्राह्मण समाज की छवि को धूमिल करने की कोशिश है. प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि ब्राह्मण समाज समाज को दिशा देने और शिक्षा देने का कार्य करता है, लेकिन इस तरह के नाम रखकर उनकी धार्मिक भावनाओं और मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
सड़क से अदालत तक की लड़ाई की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस वेब सीरीज पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो वे सड़क से लेकर अदालत तक की लड़ाई लड़ेंगे. समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि वे इस मामले में ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix, सीरीज के डायरेक्टर और अभिनेताओं के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर करेंगे और आगरा में मुकदमा भी दर्ज कराएंगे.
शस्त्र उठाने से भी नहीं हटेंगे पीछे
प्रदर्शन में शामिल विकास भारद्वाज और मदन मोहन शर्मा जैसे समाजसेवियों ने कहा कि बार-बार सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा, "ब्राह्मण समाज हमेशा ज्ञान देने का कार्य करता है, लेकिन यदि हमारे अस्तित्व और सम्मान पर बात आई तो हम शस्त्र उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे."
फिलहाल, इस विवाद ने तूल पकड़ लिया है और समाज के लोग सीरीज को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की मांग पर अड़े हुए हैं.
ये भी पढ़ें: UP Panchayat Chunav Update: पंचायत चुनाव टलेंगे या तय समय पर होंगे? मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने खुद दी जानकारी
ADVERTISEMENT

