BSP विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद दफ्तर में पसरा मातम, जानें मायावती के बयान पर क्या बोले समर्थक?

न्यूज तक डेस्क

• 10:51 AM • 07 Aug 2026

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके रसड़ा स्थित दफ्तर और समर्थकों के बीच गहरा मातम छाया हुआ है.

विधायक उमाशंकर
विधायक उमाशंकर
Google CTA

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके पैतृक गांव और रसड़ा स्थित दफ्तर में गहरा मातम छाया हुआ है. जिस जगह बैठकर वे रोजाना जनता दरबार लगाते थे और आम लोगों व गरीबों की समस्याएं सुनते थे, आज वहां सन्नाटा और गमगीन माहौल देखने को मिल रहा है. विधायक जी को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ जुट रही है.

Read more!

मायावती के भावुक संदेश पर क्या बोले समर्थक?

वहीं दूसरी तरफ उमाशंकर सिंह के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया. मायावती ने कहा कि अगर उमाशंकर सिंह के परिवार और क्षेत्र के लोग उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाना चाहते हैं तो बसपा उनकी पूरी मदद करेगी. 

इस बयान पर रसड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता और उमाशंकर सिंह के समर्थकों ने अपनी प्रतिक्रिया दी. स्थानीय निवासी सत्येंद्रु सिंह ने बताया कि अगर बहन मायावती उमाशंकर सिंह के बेटे को मौका देती हैं तो क्षेत्र की जनता पूरी तरह से उनके साथ खड़ी रहेगी. भले ही कोई उमाशंकर सिंह की जगह पूरी तरह से नहीं ले सकता, लेकिन जनता गार्जियन और भाई बनकर उनके बेटे को चुनाव लड़ाएगी. समर्थकों का कहना है कि उमाशंकर सिंह के पुत्र यूपीके सिंह हमेशा क्षेत्र में लोगों के बीच रहते हैं, बड़ों-छोटों का सम्मान करते हैं और समाज सेवा में लगे रहते हैं. 

समर्थकों ने मायावती के इस बयान का स्वागत करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में बसपा सुप्रीमो का यह संदेश दिल को छू लेने वाला है. रसड़ा के लोगों का मानना है कि उमाशंकर सिंह का निधन पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन अगर पार्टी उनके बेटे को मौका देती है तो क्षेत्र की जनता उनका पूरा समर्थन करेगी. 

ये भी पढें: झांसी हाईवे पर अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत कैसे हुई?  तस्वीरों में देखिए पूरी घटना की कहानी