उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक कलेजा कंपा देने वाली खबर सामने आई है. एक पिता ने 12 साल की बेटी की जान केवल इसलिए ले ली क्योंकि उसने बिना बताए दुकान से टॉफी का पैकेट ले लिया था. पिता ने किशोरी को इतना पीटा शरीर पर 10-12 चोट के निशान आए हैं और उसके सिर की हड्डी टूट गई है. मासूम को पड़ोसी अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
बुलंदशहर के नरोरा थाना इलाके के गांव रतनपुर की घटना है. गुरुवार को 12 साल की पूजा दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी. इधर उसके पिता पुष्पेंद्र को दुकानदार ने बताया कि उसकी बेटी टॉफी का पैकेट बिना बताए और बिना पैसे दिए ले गई है. इसपर आरोपी पिता तमतमाता हुआ शाम 5 बजे घर पहुंचा. उसने डंडा उठाया और बेटी पूजा की पिटाई करने लगा बीच-बचाव करने मां आई तो आरोपी ने उसे हटा दिया और बेटी को पीटता रहा. बताया जा रहा है कि पूजा के सिर पर डंडा लगते ही वो बेहोश हो गई.
घर में ही पड़ी रही बेटी, नहीं पसीजा पिता
इधर पूजा मरणासन्न हालत में घर में पड़ी रही. घर का दरवाजा अंदर से बंद था. मां ने कहा कि बेटी की हालत ठीक नहीं है...बावजूद इसके आरोपी पुष्पेंद्र ने ध्यान नहीं दिया. मां ने बेहोश बेटी के कपड़े बदले और पति से कहा कि उसकी हालत काफी खराब है. पहले तो उसने मारने की धमकी दी फिर देखा कि बेटी की हालत गंभीर है तो वो घर से निकल गया. आरोपी के घर से निकलते ही पूजा की मां आरती ने शोर मचाया. पड़ोसियों ने दरवाजा खुलाया. देखा कि पूजा बेहोश है और उसकी हालत बेहद गंभीर है. पड़ोसी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का पंचनामा कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मां की तहरीर पर पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आरती ने बताया कि उसका पति नशे का आदी है. वो आए दिन नशे में घर आता है और मारपीट करता है. आरोपी दूध बेचने का काम करता है.
ADVERTISEMENT


