उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया है. 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश जीतू सैनी की मौत के बाद जहां इलाके में हड़कंप मचा है, वहीं पीड़ित परिवार ने योगी सरकार के इस एक्शन पर संतोष जताया है. हालांकि, एनकाउंटर के बाद अब मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक नई और बड़ी मांग कर दी है.
ADVERTISEMENT
एनकाउंटर में मारा गया 50 हजार का इनामी
बुलंदशहर के खुरजा इलाके में 30 अप्रैल की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी और 50 हजार का इनामी जीतू सैनी पुलिस की गोली लगने से मारा गया. पुलिस के मुताबिक, SWAT टीम और कोतवाली खुरजा नगर पुलिस को जीतू की मौजूदगी की सूचना मिली थी. घेराबंदी के दौरान जीतू ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से पुलिस को कई अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं.
मामूली विवाद और जन्मदिन की पार्टी बना मौत का सबब
यह पूरा मामला 25-26 अप्रैल की रात का है, जब खुरजा के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान दोस्तों ने मजाक में जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था. यह छोटा सा मजाक इतना बड़ा विवाद बन गया कि जीतू ने तैश में आकर अपनी पिस्टल निकाल ली और अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस गोलीकांड में मनीष सैनी, अमरजीत सैनी और आकाश सैनी की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को नामजद किया था और फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया था.
पीड़ित बहन की 'खून के बदले खून' की मांग हुई पूरी
ट्रिपल मर्डर में अपने भाई अमरजीत सैनी को खोने वाली राधा सैनी ने एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है. राधा ने बिलखते हुए कहा कि उन्होंने सरकार से 'खून के बदले खून' की मांग की थी, जो आज पूरी हो गई है. उन्होंने कहा कि जिस तरह जीतू ने उनके तीन भाइयों को मौत के घाट उतारा था, आज उसके एनकाउंटर से उन्हें थोड़ी शांति मिली है. राधा सैनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सीएम योगी से न्याय मिलने की बात कह रही हैं.
अब बुलडोजर कार्रवाई की उठी मांग
मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद अब पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है. राधा सैनी ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए कहा कि जीतू सैनी और उसके साथियों के जो भी अवैध कारोबार और फैक्ट्रियां चल रही हैं, उन्हें बुलडोजर से ध्वस्त कर देना चाहिए. उनका कहना है कि जब तक इन अपराधियों का आर्थिक साम्राज्य पूरी तरह नष्ट नहीं होगा, तब तक उन्हें पूर्ण रूप से न्याय महसूस नहीं होगा. उन्होंने मांग की कि अन्य फरार आरोपियों को भी कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


