आपको मेरठ की मुस्कान की नीले ड्रम वाली कहानी तो याद ही होगी, जहां मुस्कान ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की जान ले ली थी. भले ही इस कहानी को लगभग एक साल होने को है लेकिन इसका डर अभी भी लोगों के अंदर कायम है. कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आया है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. यहां एक पति ने अपनी जान बचाने के लिए अपनी ही पत्नी को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया. यह मामला सिर्फ एक एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का नहीं है, बल्कि खौफ और मौत की उस धमकी का है जिसने एक मजदूर पति की रातों की नींद उड़ा दी थी.
ADVERTISEMENT
फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती और 'नीला ड्रम' का खौफ
राजकुमार नाम के एक युवक की शादी 7 साल पहले हुई थी और उसका एक बच्चा भी है. राजकुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी फेसबुक के जरिए मुकेश नाम के एक शख्स के करीब आ गई. जब राजकुमार को इस रिश्ते का पता चला और उसने विरोध किया, तो पत्नी ने उसे ऐसी धमकी दी जिसने उसे भीतर तक हिला दिया. राजकुमार के मुताबिक, पत्नी ने फेसबुक और बातों में धमकी दी कि वह उसे और उसके चारों भाइयों को मरवा देगी. उसने कहा- 'तुझे नीले ड्रम में सीमेंट भरकर खत्म कर दूंगी.'
मोबाइल में मिले आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
राजकुमार ने बताया कि उसे काफी समय से शक था, लेकिन पत्नी सबूत मांगती थी. 3 तारीख को जब राजकुमार ने जबरदस्ती पत्नी का मोबाइल छीना, तो उसमें मुकेश के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले. इसके बाद राजकुमार ने डर के मारे एसएसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई. राजकुमार का कहना है कि खौफ इतना था कि उसे अपनी और अपने परिवार की जान की फिक्र सताने लगी थी.
'प्रेमी के साथ ही रहूंगी': महिला सेल में हुआ फैसला
मामला बुलंदशहर के महिला मेडिएशन सेंटर (महिला सेल) पहुंचा. वहां पुलिस और काउंसलर्स के सामने पति, पत्नी और प्रेमी मुकेश तीनों मौजूद थे. जब काउंसलर्स ने महिला से पूछा कि वह किसके साथ रहना चाहती है, तो उसने बिना किसी हिचकिचाहट के सबके सामने कह दिया- 'मैं मुकेश के साथ रहना चाहती हूं.' पत्नी की इस जिद और पुरानी धमकियों को देखते हुए राजकुमार ने भी सरेंडर कर दिया.
पति ने खुद किया विदा
अपनी जान पर मंडराते खतरे को देखते हुए राजकुमार ने बड़ा फैसला लिया. उसने पुलिस के सामने कहा, 'जब यह उसके साथ ही जाना चाहती है, तो इसे जाने दो. मैं खुद इसे अपने हाथ से विदा करता हूं.' राजकुमार का कहना है कि पत्नी घर के काम भी नहीं करती थी और छोटे बच्चे तक का ख्याल नहीं रखती थी. अंततः डर और धोखे की इस कहानी का अंत अलगाव के साथ हुआ.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


