Amethi DJ Wala Love Story: कहते हैं, प्यार कब, कहां और किससे हो जाए ये कोई नहीं जानता. उत्तर प्रदेश के अमेठी से भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी तीन साल बाद एक बड़े मोड़ पर पहुंच गई. दअसल, विवाह कार्यक्रम में डीजे बजाने आए एक युवक को दूल्हे की सगी बहन से प्यार हो गया. दोनों का ये अफेयर करीब तीन साल तक गुपचुप तरीके से चलता रहा. इसके बाद मौका पाकर प्रेमी यानी DJ वाला अपनी प्रेमिका को साथ लेकर घर से रफूचक्कर हो गया. अब इस घटना के बाद इस मामले की हर तरफ चर्चा हो रही हैं.
ADVERTISEMENT
यह मामला अमेठी के कटरा फूलकुंवर गांव का है. इस गांव की रहने वाली एक लड़की के भाई रवि की शादी साल 2022 में तय हुई थी. भाई की शादी की खुशियों के बीच घर में डीजे का इंतजाम किया गया था. इस शादी समारोह में अनुराग नाम का एक युवक डीजे बजाने के लिए आया था. इसी दौरान डीजे बजाने वाले अनुराग की नजर दूल्हे की बहन पर पड़ी. इस पहली ही मुलाकात में दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया. इसके बाद ये मामला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया.
तीन साल का अफेयर और फिर शादी
अमेठी के इस प्रेमी जोड़े का रिश्ता करीब तीन सालों तक बना रहा. दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे. साथ जीने-मरने की कसमें खाई. इस बीच बीते 13 जून को युवक युवती को अपने साथ लेकर घर से कहीं चला गया. घर से भागने के बाद दोनों ने आपस में विवाह भी कर लिया. दूसरी तरफ, जब लड़की घर पर नहीं मिली तो परिजनों में हड़कंप मच गया. युवती के परिवार वालों ने तुरंत इस बात की शिकायत अमेठी कोतवाली में दर्ज कराई. परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में युवती की गुमशुदगी और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था.
थाने में जिद पर अड़ी रही प्रेमिका
परिजनों की शिकायत मिलने के बाद अमेठी कोतवाली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्रेमी और प्रेमिका दोनों को सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें थाने ले आई. जैसे ही दोनों के थाने पहुंचने की खबर मिली तो लड़की के परिजन भी वहां आ गए. कोतवाली के अंदर परिजनों ने लड़की को बहुत समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया. उसे घर वापस चलने को कहा गया. हालांकि, लड़की ने अपने प्रेमी (अब पति) अनुराग के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही और उसने अपने मायके लौटने से साफ इनकार कर दिया.
पुलिस और लड़के की मां का बयान
काफी देर तक चले इस मान-मनौव्वल और हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की. युवती की जिद को देखते हुए पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी की और दोनों को समझा-बुझाकर वहां से विदा कर दिया. इस मामले में लड़के की मां अनीता का कहना है कि उनके बेटे की पहचान डीजे बजाने के दौरान इस लड़की से हुई थी. अब दोनों ने आपस में शादी कर ली है. इस शादी से उनके परिवार को कोई भी दिक्कत या परेशानी नहीं है. वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सभी को थाने लाया गया था. उनहोंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: हनीमून मनाने गई महिला ने बनाई रील तो उठा ले गई मेरठ पुलिस, फिर सामने आई चौंकाने वाली क्राइम स्टोरी
ADVERTISEMENT


