CM सुभेंदु के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में गिरफ्तार चौथा आरोपी राजकुमार सिंह कौन हैं? बलिया से सामने आई उसकी पूरी कुंडली

Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में CBI ने चौथे आरोपी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा से पकड़ा गया. जानिए कौन है राजकुमार सिंह, उसका आपराधिक रिकॉर्ड क्या है और इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में उसका क्या कनेक्शन सामने आ रहा है.

Chandranath Rath Murder Case Update
Rajkumar Singh Arrested

अनिल अकेला

follow google news

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. 6 मई को हत्या के बाद से ही ताबड़तोड़ एक्शन हो रहा था और इसी दौरान पुलिस ने अलग-अलग टीम के साथ मिलकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामला फिर CBI के हाथों में पहुंचा और अब चौथे आरोपी राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हुई है, जो कि उत्तर प्रदेश के बलिया का ही रहने वाला है. चंद्रनाथ हत्याकांड में यह दूसरा अपराधी है जो कि बलिया से है, ऐसे में CBI मामले की अलग-अलग एंगलों से जांच कर रही है. आइए विस्तार से जानते हैं कौन हैं राजकुमार सिंह और क्या है पूरी कहानी.

Read more!

हरिद्वार से वापसी के समय धड़ा गया आरोपी

मिली जानकारी के मुताबिक, CBI को पहले ही राजकुमार सिंह की जानकारी मिल चुकी थी. जांच एजेंसी के पास इनपुट था कि आरोपी हरिद्वार से वापस लौट रहा है. CBI की टीम ने पूरी प्लानिंग की और फिर जाल बिछाया. टीम ने मुजफ्फरनगर जिले के  दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर स्थित छपार टोल प्लाजा पर घेराबंदी की.

सोमवार की सुबह जैसे ही राजकुमार सिंह की गाड़ी टोल प्लाजा पर पहुंची तो टीम ने उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद उससे काफी देर तक पूछताछ की गई और 24 घंटे की रिमांड के दौरान उससे हत्या की साजिश और बलिया के ही रहने वाले आरोपी राज सिंह से कनेक्शन खंगाला जाएगा.

कौन है राजकुमार सिंह?

चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में पकड़ा गया चौथा आरोपी राजकुमार सिंह बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के रत्तोपुर गांव का रहने वाला है. राजकुमार ने ग्रेजुएशन के पहले साल तक की पढ़ाई की है और मन नहीं लगने के कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी. इसके बाद वह मुंबई चला गया और वहां क्रेन हेल्पर का काम करने लगा. इसी बीच 8 महीने पहले वह घर लौटा और विदेश जाने के लिए पासपोर्ट बनवा रहा था.

पहले भी जा चुका है जेल

आरोपी राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसकी क्राइम कुंडली भी सामने आई है. करीब 3 साल पहले 2022 में राजकुमार ने गांव के ही दलित समाज के लोगों से मारपीट की थी. इसी मामले में उस पर हरिजन एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था और उसे जेल की हवा खानी पड़ी थी.

पिता ने बताई ये बात

इस मामले में राजकुमार सिंह के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह का बयान भी सामने आया है. त्रिभुवन अयोध्या राम मंदिर निर्माण में एलएंडटी कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे और मार्च से घर पर ही है. उन्होंने बताया की सुबह 6:30 बजे मुजफ्फरनगर से CBI अधिकारियों का फोन आया और उन्होंने ही राजकुमार की कस्टडी की जानकारी दी और साथ एक मुकदमे में पूछताछ की. 

त्रिभुवन ने बताया की राजकुमार 3 दिन पहले ही घर से बिना बताए निकला था. वहीं एक दिन पहले सिविल ड्रेस में दो गाड़ियों से लोग भी आए थे जो राजकुमार की फोटो और मोबाइल लेकर चले गए थे. हालांकि पिता का साफ कहना है कि उनका पश्चिम बंगाल से कोई रिश्तेदारी नहीं है और CBI जांच में सच सामने आ जाएगा.

राज सिंह से खंगाला जाएगा कनेक्शन? 

इस हत्याकांड में 10 मई को बलिया के रहने वाले राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था, जो कि फिलहाल कस्टडी में है. राज सिंह खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव बताता था और साथ ही ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी के बाद बीजेपी के कद्दावर नेताओं के साथ तस्वीरें भी वायरल हुई थी. CBI अब राजकुमार सिंह और राज सिंह के बीच कनेक्शन खंगाल का काम कर रही है.

बंगाल चुनाव में जीत के बाद हुई थी चंद्रनाथ की हत्या

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा ने टीएमसी को करारी शिकस्त दी थी. 4 मई को आए चुनाव परिणाम में 207 सीटों पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की थी और कार्यकर्ता इसका जश्न मना रहे थे. लेकिन इसी बीच 6 मई की शाम को सुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ को मध्यग्राम इलाके में गोली मार दी गई थी. अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई जिससे की वहां खून-खून हो गया था. जब चंद्रनाथ रथ को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसी मामले में पहले पुलिस ने जांच की और फिर मामला CBI को ट्रांसफर कर दिया गया.

CM शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में चौथा आरोपी राजकुमार सिंह गिरफ्तार… अब खुल खुलेंगे बड़े राज?

    follow google news