बनारस के UP College में फायरिंग करने वाला चौहान तो गिरफ्तार लेकिन कहां है अनुज ठाकुर?

वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है, जो भागने की कोशिश में छत से गिरकर घायल हो गया था

UP कॉलेज
UP कॉलेज

सुषमा पांडेय

follow google news

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज कैंपस में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या ने पूरे पूर्वांचल को हिलाकर रख दिया है. इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, वारदात में उसका साथ देने वाला दूसरा आरोपी अनुज ठाकुर उर्फ 'अनुज फायर' अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

Read more!

कौन है अनुज ठाकुर?

पुलिस की एफआईआर में अनुज ठाकुर को मंजीत चौहान का मुख्य सहयोगी बताया गया है. जानकारी के मुताबिक, अनुज इसी कॉलेज का बीए सेकंड ईयर का छात्र है और वाराणसी के शिवपुर इलाके का रहने वाला है. छात्र गुटों में वह 'अनुज फायर' के नाम से भी जाना जाता है. वारदात के समय वह मंजीत के साथ ही था और आरोप है कि उसने हत्या की साजिश में मंजीत का पूरा साथ दिया.

वर्चस्व की जंग और 'माफिया' बनने का शौक

सूत्रों के अनुसार, यह पूरी वारदात दो छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है. मुख्य आरोपी मंजीत चौहान सोशल मीडिया पर खुद को 'माफिया' कहलवाना पसंद करता था और अक्सर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा करता था. मृतक सूर्य प्रताप सिंह बीएससी सेकंड ईयर का छात्र था और मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था.

गिरफ्तारी के वक्त लड़खड़ाया मंजीत

जब मंजीत चौहान को कोर्ट में पेश किया गया, तो वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वारदात के बाद जब गुस्साए छात्रों ने उसे घेरने की कोशिश की, तो वह पकड़े जाने के डर से कॉलेज की एक ऊंची छत से कूद गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई. पुलिस ने उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

छात्रों का आक्रोश और मांगें

इस हत्या के बाद यूपी कॉलेज के छात्रों में भारी गुस्सा है. छात्र लगातार दूसरे आरोपी अनुज ठाकुर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. साथ ही, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग को लेकर भी प्रदर्शन किया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि कई टीमें अनुज की तलाश में छापेमारी कर रही हैं और वह जल्द ही सलाखों के पीछे होगा.

ये भी पढ़ें: UP: गहरी नींद में साे रहा था पति, तभी आ धमका पत्नी को प्रेम, फिर दोनों ने मिलकर कर दिया ऐसा कांड कि सब रह गए सन्न

    follow google news