Chhapra Gomti Nagar Express Murder Case: यूपी की राजधानी लखनऊ में छपरा गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में एक युवती की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार शव 6 टुकड़ों में कटा हुआ मिला है. इसमें से युवती के धड़ को बक्से में और हाथ और पैरा को पॉलिथीन में पैक कर बैग में रखा गया था. युवती के सिर का अभी पता नहीं चल पाया है. दरअसल, रूटीन चेंकिंग के दौरान जब रेलवे पुलिस को ये बक्सा और बैग मिला तो मामले की जानकारी हुई. इस खौफनाक वारदात का पता लगते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई. फिलहाल, पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई और पूरे मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
बता दें कि ये ट्रेन छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन छपरा से गोरखपुर होते हुए लखनऊ आती है. घटना की जानकारी देते हुए एसपी जीआरपी लखनऊ रोहित मिश्रा ने बताया कि ट्रेन के स्लीपर कोच S1 में एक बक्सा और एक बैग रखा हुआ था. रेलवे स्टाफ जब रूटीन चेकिंग कर रहा था तब उन्हें यह लावारिस बक्सा और बैग मिला. इसके बाद रेलवे स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी. स्टेशन मास्टर के जरिए ये जानकारी आरपीएफ और जीआरपी को मिली. सूचना मिलते ही चारबाग जीआरपी की पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए.
बक्से में मिला धड़, बैग में रखे थे हाथ-पैर
सूचना मिलते ही मौके पर लखनऊ कमिश्नर की फील्ड यूनिट को तुरंत पहुंची और फिर टीन के बक्से और बैग को खोला गया. बक्से के अंदर एक महिला की डेड बॉडी रखी हुई थी. इसमें युवती का सिर्फ धड़ मौजूद था और उसका सिर गायब था. धड़ पॉलिथीन में पैक करके बक्से में रखा गया था. वहीं पास में रखे बैग को जब खोला गया तो उसके अंदर एक पॉलिथीन में युवकी का हाथ और पैर बरामद हुए. शुरुआत जांच में महिला के शव पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं.
सिर गायब होने से पहचान में हो रही दिक्कत
पुलिस के मुताबिक मृतका ने सलवार-सूट पहन रखा था और उसकी उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि किसी धारदार हथियार से महिला का सिर, हाथ और पैर काटे गए हैं. सिर गायब होने की वजह से मृतका की शिनाख्त नहीं हो पा रही है. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के जिलों में महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.
खुलासे के लिए बनाई गईं तीन टीमें
इस मामले को लेकर एसपी जीआरपी रोहित मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस ट्रेन के रूट, सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों की जानकारी खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


