Delhi CJP Protest: दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक घमासान का सीधा असर अब आम जनजीवन पर पड़ने लगा है. राजधानी की ओर आने वाली और जाने वाली दर्जनों ट्रेनें रद्द होने के कारण रेल यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश के झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बेहाल तस्वीरें सामने आई हैं, जहां ट्रेनों के पहिए थमने से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर खिड़कियों के जरिए बोगियों में घुसना पड़ा.
ADVERTISEMENT
75 से ज्यादा ट्रेनें रद्द, संपर्क क्रांति समेत कई गाड़ियां प्रभावित
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्दर्न रेलवे के अनुसार रेक उपलब्ध न होने और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली आने वाली करीब 40 और दिल्ली से जाने वाली करीब 35 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है. इनमें यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस और रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियां शामिल हैं. ट्रेनों के अचानक रद्द होने की जानकारी मिलने पर झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और चारों तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया.
महिलाओं और बच्चों को हुई भारी परेशानी
झांसी रेलवे स्टेशन पर स्थिति इतनी विकट हो गई कि जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक यात्रियों से खचाखच भर गए. हालात यह थे कि ट्रेन के दरवाजों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. मजबूरन कई यात्रियों और उनके परिवारों को इमरजेंसी खिड़कियों के रास्ते कोच के अंदर दाखिल होना पड़ा. छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं को सामान के साथ खिड़कियों से अंदर धकेला गया. कई यात्री घंटों स्टेशन पर इंतजार करते नजर आए, जबकि कुछ ने भीड़ देखकर यात्रा रद्द कर वापस लौटने का फैसला किया. यात्रियों का कहना है कि उन्हें जरूरी काम से दिल्ली जाना था, लेकिन ट्रेनें अचानक रद्द होने से उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है.
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
एक तरफ जहां ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है. रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति की पूरी जानकारी जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें: Ajinkya Shinde CJP: कौन हैं अजिंक्य शिंदे? अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी के बाद जो संभालेंगे CJP मूवमेंट की कमान
ADVERTISEMENT


