इंस्टा पर रील्स का चस्का पड़ा भारी: नौकरानी ने पहना चोरी का हीरे का हार, एक पोस्ट ने पहुंचाया जेल

सागर शर्मा

• 01:03 PM • 04 Jul 2026

देहरादून में मालकिन का भरोसा जीतकर लाखों के हीरे-सोने के जेवर उड़ाने वाली काम वाली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. चोरी के एक साल बाद आरोपी महिला ने उसी कीमती हार को पहनकर इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट कर दी, जिससे उसकी पोल खुल गई.

देहरादून से आया हैरान करने वाला मामला
देहरादून से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज का चस्का कभी-कभी भारी मुसीबत भी खड़ी कर सकता है. ऐसा ही एक बेहद दिलचस्प मामला उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सामने आया है. जहां करीब एक साल पहले हुई लाखों की चोरी का राज किसी पुलिस मुखबिर ने नहीं बल्कि खुद चोरनी की एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने खोल दिया. चोरी के महंगे हीरे के हार को पहनकर सोशल मीडिया पर टशन दिखाना एक पूर्व घरेलू सहायिका (नौकरानी) को इस कदर भारी पड़ा कि अब वह सलाखों के पीछे है. देहरादून की राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के सारे जेवरात बरामद कर लिए हैं.

Read more!

पूरा भरोसा... और फिर खेल गई चाल

यह पूरा मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्रीन आईटी पार्क का है. यहां रहने वाली नितिशा वत्स के घर से करीब एक साल पहले सोने और हीरे के कीमती आभूषण रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे. जब नितिशा को गहने नहीं मिले, तो घर में काम करने वाली नौकरानी विमला ने बड़ी ही चालाकी से उन्हें झांसे में ले लिया. विमला ने मालकिन को भरोसा दिलाया कि गहने चोरी नहीं हुए हैं, बल्कि वह खुद ही उन्हें कहीं रखकर भूल गई होंगी या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे. मालकिन को विमला पर इतना अटूट विश्वास था कि उन्होंने किसी पर शक ही नहीं किया और न ही पुलिस में शिकायत की.

इंस्टाग्राम पर दिखी चोरी की चमक और उड़ गए होश

कहते हैं कि चोर चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो कोई न कोई गलती जरूर करता है. नौकरी छोड़ने के बाद विमला ने उन चोरी के गहनों को बाजार में बेचने की कई बार कोशिश की. लेकिन हीरे और सोने के आभूषण बेहद महंगे होने के कारण कोई उन्हें आसानी से खरीदने को तैयार नहीं हुआ. इसी बीच, विमला के सिर पर सोशल मीडिया का भूत सवार हुआ. उसने उसी चोरी किए गए हीरे के हार को गले में पहना और एक चमचमाती फोटो खींचकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दी. वहीं पीड़िता नितिशा के एक परिचित की नजर विमला की उस इंस्टाग्राम पोस्ट पर पड़ गई. उसने तुरंत इसकी जानकारी नितिशा को दी. जब नितिशा ने खुद वह तस्वीर देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. विमला के गले में दिख रहा हार हूबहू नितिशा का वही हार था जो सालभर पहले गायब हुआ था.

पुलिस ने बिछाया जाल

धोखाधड़ी का अहसास होते ही नितिशा ने तुरंत राजपुर थाने में विमला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मामला हाईप्रोफाइल और दिलचस्प होने के कारण एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने शुक्रवार को जोहड़ी रोड के पास से आरोपी विमला को दबोच लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर विमला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने विमला की निशानदेही पर लॉकर से चुराए गए लाखों रुपये के हीरे और सोने के सारे आभूषण सकुशल बरामद कर लिए हैं.

सटीक रणनीति से मिली कामयाबी

मामले का खुलासा करते हुए देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, 

"यह मामला तकनीकी जांच और सतर्कता का बेहतरीन उदाहरण है. आरोपी महिला ने मालकिन के भरोसे का फायदा उठाकर लॉकर साफ किया था. चोरी के बाद वह गहने बेच नहीं पाई और उसकी एक सोशल मीडिया पोस्ट ही उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा जरिया बन गई. आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है."

ये भी पढ़ें: राम मंदिर के बाद बद्रीनाथ धाम में दान-चढ़ावे की गड़बड़ी के आरोप, अध्यक्ष के निजी सचिव पर भैरव सेना ने लगाया आरोप